अमरोहा : दूसरे समुदाय के शिक्षक ने नाबालिग छात्रा से की छेड़छाड, धर्म परिवर्तन कर शादी का दबाव बनाया

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

मंडी धनौरा/अमरोहा, अमृत विचार। शहर के एक इंटर कॉलेज में गैर समुदाय के अध्यापक ने कक्षा नौ की नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकत की। एक लाख रुपये का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराकर शादी करने का दबाव बनाया। छात्रा की शिकायत पर परिजन व बजरंग दल कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और हंगामा किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

नगर के एक इंटर कालेज में पढ़ने वाली कक्षा 9 की छात्रा के परिजनों का आरोप है कि स्कूल के ही गैर समुदाय के शिक्षक ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ अश्लील हरकतें की। एक लाख रुपये का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन करने की बात कही। इस संबंध में छात्रा के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन व प्राचार्य से मामले की शिकायत भी की थी। मामले में कई दिन बीतने के बाद भी शिक्षक पर कोई कार्रवाई न होने पर परिजनों ने हिंदूवादी संगठनों से सहयोग मांगा। जिस पर बुधवार को विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के प्रांत गोरक्षा प्रमुख पश्चिमी उत्तर प्रदेश हेमंत सारस्वत व जिलाध्यक्ष अशोक सैनी कार्यकर्ताओं व परिजनों के साथ विद्यालय पहुंचे। जहां उनकी विद्यालय स्टाफ के साथ नोकझोंक हुई। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के मौके पर पहुंचे। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोपी शिक्षक को मौके पर बुलाने की मांग की गई। घंटों चले हंगामे के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता व पुलिस ने आरोपी शिक्षक को स्कूल की छत से ही तलाश लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को बमुश्किल भीड़ से बचाकर थाने ले गई। इसके बाद हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता व परिजन थाने में धरने पर बैठ गए। उन्होंने मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने व आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही एसडीएम चंद्रकांता व पुलिस क्षेत्राधिकारी श्वेताभ भास्कर भी थाने पहुंच गए। उन्होंने परिजनों व कार्यकर्ताओं को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।   बजरंग दल प्रांत गोरक्षा प्रमुख हेमंत सारस्वत ने कहा कि नाबालिग छात्रा ने साहस कर शिक्षक की करतूत अपने परिजनों को बताई। नाबालिग छात्रा ने अपने साथ अन्य छात्राओं को भी ऐसे जाल में फंसने से बचाया है। आरोपी शिक्षक की मानसिकता जिहादी है। बजरंग दल पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। इस बाबत पुलिस क्षेत्राधिकारी श्वेताभ भास्कर ने बताया कि नाबालिग छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी शिक्षक मोहम्मद शाहिद पुत्र जाहिद निवासी थाना एचौड़ा कंबोज जनपद संभल के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने मामले में आरोपी शिक्षक पर आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन कर आरोपी शिक्षक को अग्रिम आदेशों तक निलंबित कर दिया है।

संबंधित समाचार