हुनर हाट में दिखेगा स्वदेशी का दम, इन पकवानों का भी मिलेगा जायका
नई दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी व खेल मंत्री किरेन रिजीजू ने दिल्ली स्थित पीतमपुरा में बुधवार को हुनर हाट का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि हुनर हाट, लोकल के लिए वोकल के संकल्प के साथ देश के दस्तकारों, शिल्पकारों के स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने …
नई दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी व खेल मंत्री किरेन रिजीजू ने दिल्ली स्थित पीतमपुरा में बुधवार को हुनर हाट का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि हुनर हाट, लोकल के लिए वोकल के संकल्प के साथ देश के दस्तकारों, शिल्पकारों के स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत मिशन को मजबूत करने का प्रभावी प्लेटफार्म साबित हो रहा है।
नकवी ने बताया कि इस बार से हुनर हाट’ में प्रदर्शित सामान को ऑनलाइन खरीदने की भी सुविधा दी जा रही है। यह हुनर हाट ई-प्लेटफार्म एवं वर्चुअल प्लेटफार्म पर भी उपलब्ध है। इस हुनर हाट’ में विभिन्न राज्यों से मिट्टी एवं मेटल से बने खिलौने, असम के ड्राई फ्लावर्स, आंध्र प्रदेश के पोचमपल्ली इक्कट, बिहार की मधुबनी पेंटिंग्स, दिल्ली की कैलीग्राफी पेंटिंग, गोवा से हैंड ब्लॉक प्रिंट, गुजरात से अजरख, जम्मू-कश्मीर से पश्मीना शाल, झारखण्ड से तुसार सिल्क और बेंत-बांस से निर्मित उत्पाद, कर्नाटक से लकड़ी के खिलौने, मध्यप्रदेश से हर्बल उत्पाद, बाघ प्रिंट, बटिक, महाराष्ट्र से बांस से निर्मित उत्पाद, मणिपुर से हस्तनिर्मित खिलौने, उत्तर प्रदेश से लकड़ी एवं कांच के खिलौने, आयरन निर्मित खिलौने आदि प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
इसके अलावा यहां आने वाले लोग बिहार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, हरियाणा आदि के लजीज़ पारम्परिक पकवानों का आनंद भी ले सकेंगे।
