Bareilly: गोलियों की आवाज से दहल उठा इलाका, ट्रांसपोर्टर ने गुर्गों के साथ बिल्डर की कोठी पर बोला हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भोजीपुरा, अमृत विचार : भोजीपुरा क्षेत्र में धनराज बिल्डर की कोठी पर मंगलवार देर रात एक ट्रांसपोर्टर और उसके गुर्गों ने हथियारों और लाठी डंडों से हमला बोल दिया। हथौड़े से दरवाजा तोड़ दिया और हवाई फायरिंग की। पुलिस पहले मामले को टरकाती रही तो एसएसपी अनुराग आर्य को जानकारी दी गई। एसएसपी ने थाने में फोन किया तो पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना भोजीपुरा पुलिस ने बिल्डर की पत्नी की तहरीर पर पांच नामजद समेत छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

माडर्न विलेज कॉलोनी निवासी हांडा पब्लिक स्कूल की प्रबंधिका प्रवीन हांडा पत्नी राकेश शर्मा ने बताया कि उनका गांव के कुछ लोगों से पांच करोड़ रुपये को लेकर विवाद चल रहा है। इसका मुकदमा भी दर्ज है। आरोपियों को डर है कि वे मुकदमा कोर्ट में हार जाएंगे। इसकी वजह से भोजीपुरा की उर्मला काटेज कॉलोनी के रहने वाले ट्रांसपोर्टर विजय अग्रवाल, प्रीतम यादव, चन्द्रभान, प्रीतम का साला और भगीरथ समेत एक अज्ञात आरोपियों ने मंगलवार रात करीब नौ बजे उनके घर हमला बोल दिया। 

इस दौरान आरोपियों ने हथौड़े से गेट तोड़ा और फायरिंग की। राकेश शर्मा के मुताबिक उनके ड्राइवर ने बताया था कि हमलावरों ने देर शाम से ही हमले की योजना बना ली थी। कई बार सड़क पर घेरने की कोशिश भी की थी। हमलावर सीसीटीवी कैमरे में भी आते दिखाई दे रहे हैं। इस हमले के बाद से शर्मा परिवार में पूरी तरह से दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा- नितिन कुमार, सीओ हाइवे।

यह भी पढ़ें- बरेली में गोलियों से गूंजा बाजार, जनसेवा केंद्र संचालक की गोली मारकर हत्या...मची भगदड़

संबंधित समाचार