एलडीए भूखंड की फाइल गायब, उप सचिव पर रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

गोमतीनगर कोतवाली में अवर वर्ग सहायक संपत्ति ने दिया शिकायती पत्र

लखनऊ, अमृत विचार: अलीगंज योजना स्थित एक भूखंड की फाइल उप सचिव–एम कार्यालय से गायब हो गई। फाइल के गायब होने के कारण राज्य उपभोक्ता आयोग में प्राधिकरण अपना पक्ष नहीं रख पा रहा है। विभागीय जांच के बाद एलडीए के अवर वर्ग सहायक संपत्ति अनुभाग अधिकारी संजय गुप्ता ने उप सचिव-एम के खिलाफ गोमतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इंस्पेक्टर गोमती नगर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक, अनुभाग अधिकारी संजय ने अपने शिकायती पत्र में लिखा है कि अलीगंज योजना सेक्टर सीएस में भूखंड संख्या सी-17 संबंधी मूल पत्रावलियां प्राधिकरण के रिकार्ड में उपलब्ध नहीं हैं। इस कारण राज्य उपभोक्ता आयोग लखनऊ में लंबित याचिका के संबंध में प्राधिकरण अपना पक्ष नहीं प्रस्तुत कर पा रहा है। भूखंड से संबंधित पत्रावलियां प्राधिकरण के अपर सचिव के कैंप कार्यालय को अनुभाग द्वारा प्रेषित की गई थी। इसके बाद अपर सचिव के यहां से 3 जून 2023 को विशेष कार्याधिकारी-आर को प्रकरण से संबंधित कार्रवाई के लिए आदेशित किया गया था। पत्रावलियां उप सचिव-एम प्राधिकरण कार्यालय को 22 जून को दी गई थी। इसके बाद से पत्रावलियां संबंधित अनुभाग से गायब हैं। काफी तलाश करने के बाद भी पत्रावलियां नहीं मिल पाई हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच जारी है, जो भी साक्ष्य मिलेंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पत्रावलियां गायब कर लाभ पहुंचाने की कोशिश

उप सचिव-एम कार्यालय से भूखंड की पत्रावलियां गायब कर किसी को लाभ पहुंचाने की साजिश रची गई है। इस पर तत्काल कार्रवाई विभाग की ओर से न करके अब डेढ़ वर्ष बाद उप सचिव-एम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि विभागीय अधिकारी भी पहले मामले में लीपापोती में लगे रहे।

यह भी पढ़ेः स्कूलों को बढ़ा हुआ Sewer Tax भेज रहा जलकल विभाग, आपत्तियों के बाद Tax निर्धारण का हुआ आदेश

संबंधित समाचार