बदायूं : लंच के बाद चेयरमैन का छापा, चार कर्मचारियों का वेतन काटा और एक का रोका

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बदायूं, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद, बदायूं की चेयरमैन फात्मा रजा ने शुक्रवार दोपहर लंच के बाद 3 बजकर 10 मिनट पर कार्यालय में अचानक छापा मारा। कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित मिले चार कर्मचयरियों का वेतन काटा गया और एक कर्मचारी का वेतन रोका गया है। जिसके बाद चेयरमैन ने गोशाला में गोवंश को गुड़, हरा चारा और सब्जी खिलाकर सेवा की।

नगर पालिका के कुछ कर्मचारियों की कारगुजारी किसी से छिपी नहीं हैं। जो काम के बहाने कार्यालय छोड़ देते हैं और लंच के बाद चले जाते हैं फिर लौटकर वापस नहीं आते। कुछ दिनों से चेयरमैन को भी ऐसी शिकायतें मिल रही थीं। जिसके चलते चेयरमैन अचानक कार्यालय पहुंच गईं। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिलने पर शरीफ, साहिर, मानसरोवर और अफसर का वेतन काटा गया है। इसके अलावा दैनिक कार्य पंजिका में इन्द्राज नहीं होने के कारण नो वर्क नो पे के आधार पर लिपिक महेश बाबू का वेतन रोकने का आदेश दिया है। चेयरमैन ने कर्मचारियों को आदेश जारी किया है। कहा कि कार्यालय अवधि में किसी भी कार्य, राजस्व वसूली के कार्य से बाहर जाते हैं तो पूरा विवरण भ्रमण रजिस्टर में इंद्राज करके ही कार्यालय से जाएंगे। भ्रमण रजिस्टर में आने जाने का समय, कार्य व उद्देश्य का विवरण भरना अनिवार्य होगा। कार्यालय व फील्ड में किए गए काम का रोज का विवरण दैनिक रजिस्टर में इंद्राज करना भी जरूरी है। आदेश का कड़ाई से पालन करना होगा। कोई भी कर्मचारी बगैर लिखित अनुमति के मुख्यालय से बाहर नहीं जाएगा। उन्होंने गोवंश की सही प्रकार से देखभाल करने को कहा। इस मौके पर पालिका के सभासद गिरीश शुक्ला, अबरार, आशीष कश्यप, मनोज कश्यप, सभासद पति मनोज चंदेल आदि मौजूद थे।

ये भी पढ़ें - बदायूं : पुलिस रही अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से की गई निगरानी

संबंधित समाचार