एक फिर दौड़ेगा लखनऊ, अटल रन के साथ शुरू होगा "Lucknow Khel Mohotsav"

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: क्रीड़ा भारती का लखनऊ खेल महोत्सव सीजन-2 अगले माह 14 दिसंबर को अटल रन के साथ शुरू होगा। इसके बाद जोनल प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। जिनके फाइनल मुकाबले 23 और 24 दिसम्बर के बीच केडी सिंह बाबू स्टेडियम पर खेले जाएंगे। क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष व एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। अटल रन की शुरूआत 14 दिसंबर को 1090 चौराहे से होगी। 

इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ खेल महोत्सव का यह दूसरा संस्करण है। इसके तहत एथलेटिक्स, वालीबाल, फुटबाल, कबड्डी, रस्साकसी, बास्केटबाल और खो-खो की प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें नाकआउट आधार पर मुकाबले होंगे।

प्रतियोगिताएं जूनियर व सीनियर महिला व पुरुष वर्ग में होंगी। हर स्पर्धा में पहले तीन स्थानों पर आने वाले खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण पत्र से पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा अन्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे। एथलेटिक्स में अटल रन के अलावा 100, 200 और 400 मीटर की दौड़, गोला फेंक और लांग जम्प की स्पर्धाएं होंगी। अटल रन में हिस्सा लेने को इच्छुक खिलाड़ी ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं।

क्रीड़ा भारतीय अखिल भारतीय स्तर पर आनलाइन क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा का आयोजन 8 दिसम्बर को कर रहा है। इसमें 12 से 25 वर्ष के लोग ही हिस्सा ले सकते हैं। इसमें विजेता को एक लाख रुपये, दो उप विजेताओं को 50-50 हजार रुपये, चौथे से छठे स्थान पर रहने वाले को 25-25 हजार, 7वें से 11वें स्थान पर रहने वालों को 11-11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके लिए भी ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था दी गई है।

अनिल अग्रवाल बने क्रीड़ा भारती के महानगर अध्यक्ष

सेंट जोसेफ ग्रुप इंस्टीट्यूशन के प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल को क्रीड़ा भारती का महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष और क्रीड़ा भारती अवध प्रांत के अध्यक्ष गोविन्द पाण्डेय ने अनिल अग्रवाल को क्रीड़ा भारती का अंगवस्त्र और कैप पहनाई।

यह भी पढ़ेः सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप-2024ः आज होगी फाइनल के लिए जंग, पीवी सिंधु और उन्नति हुड्डा के बीच बराबरी की टक्कर

संबंधित समाचार