Kanpur Dehat Accident: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत...जेई की मौत, मां व बेटे गंभीर रूप से घायल
कानपुर देहात, अमृत विचार। बनीपारा-मिंडाकुआ मार्ग पर सरवा गांव के समीप पीपल बाबा के पास दो बाइकों की टक्कर में जनपद झांसी निवासी यूपीएलसीडीएफ के जेई की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर कार्रवाई शुरू की है।
जनपद झांसी के दतिया गेट के रहने वाले संतोष कुमार (54) उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ (यूपीएलसीडीएफ) में जेई के पद पर कार्यरत थे। शनिवार की सुबह वह अपने विभागीय कम के लिए बाइक से बनीपारा की ओर जा रहे थे। तभी रूरा थाना क्षेत्र के सरवा जगनपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी मोटर साइकिल टकरा गई।
हादसे में जेई संतोष कुमार, दूसरी बाइक पर सवार कहिंजरी के रहने वाले निखिल कुमार व उनकी मां निशू देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा व दरोगा अतेंद्र कुमार ने घायलों के परिजनों को सूचना दी और घायलों को उपचार के लिए निजी वाहन से सीएचसी रूरा भेजा।
प्रभारी डॉ. सुनील कुमार ने जांच के बाद जेई संतोष कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल मां-बेटे को उनके परिजन उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए है थानाध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि मृतक जेई के पुत्र नवीन कुमार को सूचना दी गई है। परिजन झांसी से रूरा के लिए रवाना हो चुके हैं। परिजनों के आने के बाद ही पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
