दिल्ली: पदयात्रा के दौरान केजरीवाल पर युवक ने फेंका तरल पदार्थ, आरोपी हिरासत में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक अरविंद केजरीवाल पर शनिवार को एक व्यक्ति ने तरल पदार्थ फेंका है। अरविंद केजरीवाल पर यह तरल पदार्थ तब फेंका गया, जब वह दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में पदयात्रा कर रहे थे। वहीं तरल पदार्थ फेंकने वाले शख्स को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। यह जानकारी दिल्ली पुलिस ने दी है।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ‘आप’ ने कहा, ‘‘यदि एक पूर्व मुख्यमंत्री राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षित नहीं है, तो आम आदमी कहां जाएगा?’’ केजरीवाल एक घेरे के पीछे खड़े होकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति उनके पास आया और उन पर तरल पदार्थ फेंक दिया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत आरोपी को काबू में कर लिया। बाद में केजरीवाल और उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों को अपना चेहरा पोंछते देखा गया।

एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी व्यक्ति उसी इलाके का रहने वाला है और उसे पुलिस थाने ले जाया गया है। ‘आप’ ने इस घटना को लेकर भाजपा नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने कहा, ‘‘भाजपा के शासन में दिल्ली में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।’’ दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन काम करती है। फरवरी में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले केजरीवाल मालवीय नगर के सावित्री नगर में एक रैली करने पहुंचे थे। 

 

ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: महिला के गले से सोने की चेन लूटकर भाग गया लुटेरा

संबंधित समाचार