UP: 5 मंडलों में रिंग रोड, 10 जिलों में बनेगा बाईपास, केंद्रीय मंत्री गडकरी ने सीएम योगी के साथ समीक्षा बैठक में मांगा प्रस्ताव
लखनऊ, अमृत विचार। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को 5 मंडलों में रिंग रोड और 10 जिलों में बाईपास बनाने के लिए राज्य सरकार से प्रस्ताव मांगा। साथ ही बरेली समेत राज्यभर में 1.39 लाख करोड़ की नई सड़कें बनाने के लिए डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनके सरकारी आवास पर समीक्षा के दौरान गडकरी ने महाकुंभ से जुड़े राष्ट्रीय राजमार्गों, बाईपास, इनर रिंग रोड व सेतु निर्माण के शेष कार्यों को हर-हाल में 25 दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। कहा कि गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
गडकरी ने अलीगढ़, देवीपाटन, झांसी, मीरजापुर व सहारनपुर मंडल में रिंग रोड का प्रस्ताव तैयार किये जाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश के 10 जनपदों औरैया, बुलंदशहर, मैनपुरी, बहराइच, बागपत, भदोही, संभल, कौशांबी, चंदौली व श्रावस्ती में बाईपास बनाए जाने हेतु प्रस्ताव तैयार किए जाएं। उन्होंने गोरखपुर-शामली मार्ग व कानपुर-गाजियाबाद मार्ग के डीपीआर शीघ्र बनाने के निर्देश भी दिए।
प्रदेश में 1.39 लाख करोड़ के नए सड़क प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बरेली में एनएच 530बी के सुदृढ़ीकरण, प्रतापगढ़ जिले में एक बाईपास, प्रयागराज-दोहरीघाट मार्ग को 2 लेन से 4 लेन, बाराबंकी-जरवल-बहराइच मार्ग (एनएच 927) के निर्माण, कबरई-कानपुर कॉरीडोर के निर्माण के संबंध में डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों में 20 किमी पर एंबुलेंस और रिकवरी व्हीकल तैनात किये जाएं। प्रयागराज की ओर आने वाले सभी राजमार्गों में सीसीटीवी व स्ट्रीट लाइटें की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। टोल प्लाजा के पास अतिरिक्त शौचालय, राष्ट्रीय राजमार्गों पर पेयजल सुविधाएं, पर्याप्त चिकित्सा और यातायात सहायता पोस्ट की व्यवस्था कराई जाए। नौगढ़ से शोहरतगढ़ होते हुए तुलसीपुर तक मार्ग के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, लोक निर्माण राज्य मंत्री बृजेश सिंह, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान, प्रमुख सचिव सिंचाई अनिल गर्ग, प्रमुख सचिव वन अनिल कुमार, प्रमुख सचिव राजस्व पी गुरु प्रसाद, सचिव मुख्यमंत्री अमित सिंह, सलाहकार मुख्यमंत्री अवनीश कुमार अवस्थी समेत केद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय अधिकारी आदि उपस्थित थे।
महाकुंभ के मद्देनजर सभी काम पूर्ण कराएं : योगी
मुख्यमंत्री योगी ने समीक्षा बैठक में महाकुंभ की धार्मिक, सांस्कृतिक व सामाजिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि देश और दुनिया से करोड़ों श्रद्धालुओं व पर्यटकों के आगमन के दृष्टिगत पुख्ता तैयारी करें। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (रायबरेली से प्रयागराज खण्ड) में 4 स्थानों-जगतपुर, बाबूगंज, ऊंचाहार, आलापुर पर निर्माणाधीन बाईपास में से 2 पूर्ण हो चुके हैं, शेष दो को भी समय से पूरा करा लिया जाए। ऊंचाहार बाईपास पर निर्माणाधीन आरओबी के काम में अनावश्यक विलम्ब न हो। फाफामऊ में गंगा नदी पर बने सेतु के समानान्तर नए 6-लेन सेतु एवं पहुँच मार्ग को तय समय में पूर्ण किया जाए। श्रद्धालुओं के सुखद अनुभव के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग को गड्ढा मुक्त सुनिश्चित कराएं।
भूमि अधिग्रहण कार्य में लाएं तेजी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश में नए राजमार्गों के निर्माण हेतु भूमि अधिग्रहण के कार्य तेजी लाएं, ताकि निर्माण कार्य समय से पूर्ण हो। एनओसी की कार्यवाही भी समय से पूरी की जाए। रोड एक्सीडेन्ट की घटनाओं को कम करने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं। मुख्यमंत्री ने लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग और बाँदा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग, गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग, सिद्धार्थनगर के नौगढ़ से शोहरतगढ़ होते हुए तुलसीपुर (जनपद बलरामपुर) तक के मार्ग का सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता बताई, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: महिला के गले से सोने की चेन लूटकर भाग गया लुटेरा
