कानपुर में जमीन हड़पने के मामले में भाजपा नेता वीरेंद्र दुबे समेत छह पर FIR: इनको भी किया गया नामजद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोतवाली थानाक्षेत्र का मामला, सुनवाई न होने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई

कानपुर, अमृत विचार। जमीन हड़पने के आरोप में कोतवाली थाने में भाजपा नेता उनके परिवारीजनों समेत छह लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़ित का आरोप है, कि उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की लेकिन सुनवाई न होने पर न्यायालय की शरण में जाना पड़ा। जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने उन लोगों पर कार्रवाई की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

किदवई नगर बी ब्लॉक निवासी संजय गुप्ता ने दर्ज एफआईआर में बताया कि परिजनों और अन्य रिश्तेदारों के बीच बूढ़पुर मछरिया स्थित जमीन को लेकर विवाद था। जिसमें एक रिश्तेदार गणेश शंकर गुप्ता के खिलाफ वर्ष 2021 में नौबस्ता थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। 

इस मामले में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की थी। उन्होंने एफआईआर में बताया कि इस जमीन व परिवार के बीच चल रहे मनमुटाव की जानकारी राधे होल्डिंग लिमिटेड के डायरेक्टर वीरेन्द्र दुबे ने उनको आश्वासन दिया कि वो उनके और परिवार वालों के बीच सुलह समझौता करा देंगे। 

बताया कि उनके विश्वास दिलाने पर पीड़ित और अन्य परिजन समझौते के लिए तैयार हो गए। दर्ज एफआईआर के अनुसार वीरेन्द्र दुबे ने अपनी फर्म के अन्य डायरेक्टरों के साथ मिलकर जमीन के अन्य सहस्वामियों के साथ, पीड़ित को सहमति पक्षकार बनाकर पूरे भू-भाग के कुछ हिस्सों को अपनी फर्म राधे होल्डिंग लिमिटेड जवाहर नगर में पोस्टडेटेड चेकों के माध्यम से धोखाधड़ी कर अपनी फर्म के हक में विक्रय पत्र करा लिया। 

पोस्टडेटेड चेकों का भुगतान कूटरचित होने के कारण अब तक नहीं हो सका है। विक्रय पत्र के बाद वीरेन्द्र दुबे ने पूरी जमीन पर कब्जा कर उसे बेचने का कार्य शुरू कर दिया। वीरेन्द्र दुबे की फर्म से अब भी पीड़ित को करोड़ों रुपये जमीन के एवज में लेने हैं। 

आरोप है, कि भय दिखाकर सभी सहस्वामियों को चेक लगाने से रोका जा रहा है। एफआईआर में बताया कि पीड़ित के रुपये मांगने पर वीरेन्द्र दुबे ने पूरे खानदान को खत्म करने की धमकी दी। एफआईआर में आरोप लगाया कि वीरेन्द्र दुबे व उसे सहयोगी सीधे साधे लोगों को फंसाकर जमीनों पर कब्जा करते हैं। अपनी कार में भाजपा का झंजा लगा कर धौंस झाड़ते हैं। जिससे पार्टी की छवि खराब हो रही है।

इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़ित संजय गुप्ता ने न्यायालय के आदेश पर जवाहर नगर निवासी वीरेन्द्र दुबे, उनकी पत्नी सरोज दुबे, बेटी अपर्णा दुबे व तीन अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेजों का प्रयोग करने व अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से गुफ्तगू करते आए नजर: 10 तस्वीरों के माध्यम से कानपुर दौरे को समझिए...

संबंधित समाचार