बरेली: आठ प्रदूषित क्षेत्रों को हॉटस्पॉट बनाया, बंद नहीं होगा यातायात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शासन के निर्देश पर शहर के सर्वाधिक प्रदूषित क्षेत्रों को हॉटस्पॉट बनाया गया है। यहां पर त्योहार के मद्देनजर यातायात प्रतिबंधित करना था। लेकिन हॉटस्पॉट वाले क्षेत्रों में प्रशासन को 10 मिनट से अधिक समय तक जाम नहीं मिला है। इस वजह से हॉटस्पॉट वाले क्षेत्रों में आवागमन प्रतिबंधित नहीं रहेगा। बुधवार …


बरेली, अमृत विचार।
शासन के निर्देश पर शहर के सर्वाधिक प्रदूषित क्षेत्रों को हॉटस्पॉट बनाया गया है। यहां पर त्योहार के मद्देनजर यातायात प्रतिबंधित करना था। लेकिन हॉटस्पॉट वाले क्षेत्रों में प्रशासन को 10 मिनट से अधिक समय तक जाम नहीं मिला है। इस वजह से हॉटस्पॉट वाले क्षेत्रों में आवागमन प्रतिबंधित नहीं रहेगा। बुधवार को प्रशासन ने इस पर रुख साफ करते हुये बताया कि वाहनों की आवाजाही बंद करने के बजाय यातायात सुचारू करने का निर्णय लिया गया है।


सोमवार को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देश पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी नगर को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी रोहित सिंह के साथ हॉटस्पॉट निर्धारित करने को कहा था। मंगलवार की देर शाम तक घंटाघर, चौपुला, सेटेलाइट, चौकी चौराहा, किला पुल के नीचे और लाल फाटक समेत आठ स्थान हॉटस्पॉट बनाए गए। शासनादेश के तहत हॉटस्पॉट वाले क्षेत्रों में आवागमन भी बंद करना था, लेकिन इस पर असमंजस की स्थिति बनी रही।

स्थानीय अफसरों ने किन हालातों में यातायात प्रतिबंध किया जाये, इस पर शासन से मार्गदर्शन लिया। जिसमें लंबे समय तक जाम वाले क्षेत्रों में आदेश प्रभावी करने को कहा गया। इसके बाद निरीक्षण कराया गया, लेकिन एक भी चिह्नित हॉटस्पॉट में 10 मिनट से अधिक समय तक जाम का ठहराव नहीं पाया गया। इस पर वाहनों को आवागमन बंद करने पर सहमति नहीं बनी।

निर्माण सामग्री के सही रखरखाव न होने से बढ़ता है एक्यूआई
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी बताते हैं कि बरेली का एक्यूआई यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स दो से ढाई सौ के बीच रहता है। निर्माण के दौरान निर्माण सामग्री का सही तरीके से रखरखाव न रखने से ऐसा होता है। जिससे धूल के गुबार भी एक्यूआई बढ़ाते हैं। लाल फाटक, चौपुला, सेटेलाइट और किला पुल के पास भी यही स्थिति है। निर्माण कार्य पूरा होने पर एक्यूआई कम होने की उम्मीद है।

शहर के किसी भी हिस्से में लंबे समय तक जाम लगने की स्थिति नहीं है। इसलिए प्रदूषण के लिहाज से चिह्नित किये गये हॉटस्पॉट में वाहनों की आवाजाही को बंद नहीं किया जाएगा। यातायात सुचारू करने के लिए पुलिस विभाग को कहा गया है। – महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर

संबंधित समाचार