Kanpur: लेखपाल संघ के प्रदेश महामंत्री को महिला ने जड़े थप्पड़ पे थप्पड़, फाड़ी खसरे की रिपोर्ट, इस वजह से हुई थी नाराज...

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

कानपुर, अमृत विचार। प्लाट की सही जानकारी के लिए लेखपाल से महिला ने खूब गुजारिश की, कई बार चक्कर लगाए, लेकिन उसकी नहीं सुनी गई। इससे आक्रोशित महिला ने मंगलवार को लेखापाल संघ कार्यालय में प्रदेश महामंत्री केके मिश्रा को थप्पड़ जड़ दिए। जब तक लेखपाल महिला को घेरते उसने दरवाजा बंद करने का आरोप लगाकर लेखपाल के फिर दो-तीन थप्पड़ लगाए। महिला को अधिवक्ता समझकर वकील भी हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंचीं तहसीलदार ने किसी तरह मामला शांत कराया। लेखपाल संघ ने महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। 

गुजैनी निवासी प्रीति पाल (बेला देवी) अपने क्षेत्र के आसपास ही प्लाट खरीदना चाह रही थीं। इसलिए जिस जमीन पर प्लाटिंग हो रही है, उसकी सही जानकारी के लिए लेखपाल से गुहार लगाई। कई बार कहा, कई चक्कर लगाए, लेकिन लेखपाल से जानकारी नहीं मिली। मंगलवार दोपहर लेखपाल संघ के जिलामंत्री केके मिश्रा संघ कार्यालय में काम कर रहे थे, तभी महिला पहुंचीं और जानकारी मांगी। 

इसी बात पर बहस होने लगी और महिला ने लेखपाल को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद महिला कमरे से बाहर निकली। लेखपाल भी बाहर आ गए तो महिला ने कमरा बंद करने का आरोप लगाकर फिर दो-तीन थप्पड़ जड़े। ये सब देख अफरा-तफरी का माहौल हो गया। कुछ अधिवक्ता महिला को वकील समझकर महिला के पक्ष में खड़े होकर हंगामा करने लगे। खबर पाकर तहसीलदार सदर विनीता पांडेय पहुंचीं और दोनों पक्ष की बात सुनी। 

लेखपालों ने बिना किसी बात महिला पर मारपीट का आरोप लगाया। वहीं महिला ने आरोप लगाया कि लेखपाल कई महीनों से जमीन की जानकारी देने से टरका रहे थे। मंगलवार को पहुंची तो कमरे का दरवाजा बंद करने लगे। बचाव के लिए ऐसा कदम उठाया। इस पर तहसीलदार ने दोनों पक्ष को शांत कराकर महिला को वापस भेजा। वहीं लेखपाल संघ ने कोतवाली पहुंचकर महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। 

महिला ने फाड़ दी खसरे की रिपोर्ट 

लेखपाल संघ के जिला अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी ने बताया कि महिला प्लाट खरीदने के लिए जमीन की जानकारी लेखपाल से मांग रही थी। किसी कारण से वह नहीं दे पाए। मंगलवार को हम लोग कार्यालय में बैठकर काम कर रहे थे। उसी समय महिला आई और बिना किसी बात के मारने लगी। सोना गांव के खसरे की नकल फाड़ दी। राजस्व अभिलेखों को नष्ट करने का प्रयास किया। महिला के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।

यह भी पढ़ें- Kanpur में डबल मर्डर का मामला: पोस्टमार्टम हाउस में ही रखे गए मां-बेटी के शव, कल चुन्नीगंज कब्रिस्तान में दफनाए जाएंगे

 

 

संबंधित समाचार