पीलीभीत: बीसलपुर-खुदागंज मार्ग पर अधूरा पुल, गूगल मैप पर दिखा रहा पूरा रास्ता

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बीसलपुर, अमृत विचार। बीसलपुर से खुदागंज, कटरा, जलालाबाद होते हुए फर्रुखाबाद जाने वाला मार्ग ग्राम रढ़ैता तक बनकर तैयार हो गया है।  जबकि आगे जाने के लिए देवहा नदी पर बन रहा पुल अभी भी अधूरा  है। विभिन्न स्थानों की दूरी दर्शाने वाले बोर्ड मार्ग पर विभाग की ओर से लगा दिए गए हैं। जिससे यात्री भ्रमित होकर  ग्राम रढैता तक पहुंच रहे हैं। जबकि आगे पुल अधूरा होने के कारण वापस लौटना पड़ता है। बताते हैं कि गूगल मैप भी फर्रुखाबाद तक मार्ग को दर्शा रहा है।

पीलीभीत से बीसलपुर, शाहजहांपुर होते हुए फर्रुखाबाद तक जाने वाले मार्ग पर दूरी दर्शाने वाले बोर्ड जगह-जगह विभाग द्वारा लगा दिए गए हैं। वास्तविक स्थिति यह है कि यह मार्ग बीसलपुर से मात्र रढैता गांव तक एनएच के ठेकेदारों द्वारा तैयार कर दिया गया है, लेकिन आगे देवहा नदी पर निर्माणाधीन पुल अधूरा है।  जिसका निर्माण चल रहा है। देवहा नदी पर पुल का बाकी हिस्सा खुदागंज की तरफ भुन्डी घाट तक बनना शेष रह गया है, लेकिन पीलीभीत मार्ग से बीसलपुर से ग्राम रढ़ैता तक विभिन्न नगरों की दूरी दर्शाने वाले बोर्ड विभाग द्वारा लगा दिए गए हैं, जोकि खुदागंज, कटरा ,जलालाबाद होकर फर्रुखाबाद जाने वाले यात्रियों को भ्रमित कर रहे हैं।  इतना ही नहीं यदि गूगल मैप खोलकर देखा जाए तो वह भी इस मार्ग को पूरा होना दर्शा रहा है। ऐसी स्थिति में बड़ी संख्या में खुदागंज, कटरा ,जलालाबाद जाने वाले लोग इन वोर्डो के संकेत को देखते हुए ग्राम रढैता तक पहुंच जाते हैं। आगे पड़े अधूरे पुल की जानकारी होने पर उन्हें मायूस होकर बीसलपुर वापस लौटना पड़ता है।  इसके पश्चात वह शाहजहांपुर मार्ग से होते हुए आगे का सफर तय करने के लिए मजबूर हैं।  इस समस्या को लेकर यात्रियों में नाराजगी है। निर्माणाधीन देवहा नदी के पुल पर कार्य करा रहे अवर अभियंता सेतु निगम तौकीर अहमद का कहना है कि विभिन्न स्थानों की  दूरी दर्शाने वाले बोर्ड हाईवे का निर्माण करने वाले अधिकारियों ने लगवाएं है।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: बाघ की दहाड़ सुनकर गांव में दहशत, छुट्टा पशु को निवाला बनाया तो कैमरे से निगरानी शुरू

संबंधित समाचार