बहराइच में भीषण हादसा: ट्रक से टकराई बस, एक यात्री की मौत, 11 घायल
बहराइच, अमृत विचार। यूपी के बहराइच जनपद के नानपारा-लखीमपुर खीरी हाइवे पर गुरुवार सुबह खड़े ट्रक से प्राइवेट बस टकरा गई। हादसे में बस सवार एक यात्री की मौत हो गई। जबकि 11 घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के नानपारा लखीमपुर मार्ग पर गूढ़ पेट्रोल पंप पुलिया के पास ट्रक संख्या यूपी 31 टी 3557 पहले से खड़ा था। पंजाब से बस संख्या पीबी 23 एम 8447 बढ़नी नेपाल के लिए जा रही थी। इस दौरान बस खड़े ट्रक में जाकर टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।
सूचना पर चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया। यहां बस में सवार यात्री मांग बहादुर (62) पंखी बहादुर गणपति चौक जमालपुर लुधियाना की मौत हो गई। जबकि 11 बस यात्री घायल हो गए हैं। इन सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि गुरुवार सुबह हादसा हुआ है। बस पंजाब से बढ़नी नेपाल यात्रियों को लेकर जा रही थी।
बाइक सवार भी हुआ घायल
बस ने पीछे से ट्रक में टक्कर मारी। इसी बीच बाइक सवार भी टकरा गया। जिसके चलते बाइक सवार भी घायल हुआ है।
