Kanpur में अखिलेश बोले- गंगा में जिस जगह सीएम योगी ने सेल्फी ली थी वहां नाला गिर रहा, सरकार आने पर लखनऊ से भी ज्यादा...
कानपुर, अमृत विचार। सीएम अखिलेश यादव गुरुवार दोपहर शादी समारोह में सम्मिलित होने के लिए कानपुर में आए थे। समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान सपा सुप्रीमो ने कहा कि गंगा में जहां सीएम योगी आदित्यनाथ ने सेल्फी ली थी, वहां पर नाला गिर रहा है। कहा कि 2027 में सपा सरकार आने पर गंगा नदी को गोमती से भी ज्यादा साफ बनाएंगे और यूपी की राजधानी लखनऊ से भी ज्यादा विकास कानपुर शहर में कराएंगे।
जीएसटी और ईडी के छापों को लेकर उन्होंने कहा कि जिन कारोबारियों ने भाजपा को चंदा दिया, भाजपा अब उन्हीं पर कार्रवाई कर रही है। वहीं सीसामऊ सीट पर जीत के लिए विधायक नसीम सोलंकी को बधाई देते हुए कहा कि नसीम काफी संघर्षों के बाद जीती हैं। जनता ने भी साबित कर दिया वह इरफान सोलंकी के साथ है। वहीं संभल की घटना पर अखिलेश ने कहा कि प्रशासन सतर्क होता तो ऐसी घटना देखने को न मिलती।
वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ के डीएनए वाले बयान पर अखिलेश ने कहा कि वह अपने डीएनए की जांच करवाने के लिए तैयार हैं बशर्ते मुख्यमंत्री भी अपने डीएनए की जांच कराएं। बता दें, सीएम ने अयोध्या में रामायण मेले के उद्घाटन के बाद विपक्षी दलों पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा था कि अयोध्या व संभल में मुगल शासक बाबर की सेना ने जो किया और आज जो बांग्लादेश में हो रहा है, उसका डीएनए एक ही है। इसके जवाब में अखिलेश ने कहा कि उनको नहीं पता कि मुख्यमंत्री कितना विज्ञान जानते हैं और उन्होंने कितनी बायोलॉजी पढ़ी है। लेकिन उन्हें डीएनए के बारे में बात नहीं करनी चाहिए। अगर सीएम योगी डीएनए के बारे में बात करते हैं तो वे अपना डीएनए टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं लेकिन फिर मुख्यमंत्री को भी अपना डीएनए टेस्ट कराना चाहिए।
