लखीमपुर खीरी: मंदिर से चोरी चांदी का छत्र और झालर बरामद, दो गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: थाना निघासन पुलिस ने गांव खैरहनी के ब्रह्म बाबा स्थान पर स्थित बगलामुखी से हफ्ते भर पहले चोरी हुआ चांदी का छत्र व चांदी की झालर बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की है। गुरुवार को पुलिस ने चालान कर दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने दोनों को जेल भेजा है।
थाना क्षेत्र के गांव खैरहनी के बाहर स्थित ब्रह्म बाबा स्थान परिसर में मां बगलामुखी मंदिर है। हफ्ते भर पहले बाइक से दो युवक पहुंचे और पूजा-अर्चना के बहाने मंदिर के अंदर घुसे और चोर चांदी का छत्र और चांदी की झालर लेकर भाग निकले थे। पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई थी। पुलिस ने पुजारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। फुटेज कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों की तलाश में जुट गई।
जांच के दौरान दोनों युवकों की पहचान मझगई थाना क्षेत्र के गांव बल्लीपुर निवासी राहुल कुमार व विमल कुमार के रूप में हुई। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुट गई। प्रभारी निरीक्षक महेश चंद्र ने बताया कि दोनों आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगी हुई थीं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को बरुही फार्म मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चांदी का छत्र व झालर बरामद कर घटना में प्रयुक्त बाइक कब्जे में ली है। गुरुवार को पुलिस ने चालान कर दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- रामपुर: न्यायालय के आदेश पर नामजद बाबा अनूप सिंह की संपत्ति कुर्क
