बदायूं: कर्ज नहीं चुका पाया तो परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान
पत्नी से अपने गांव जाने की बात कहकर घर से गया था युवक, रास्ते में लगाया फंदा
विजय नगला/बिनावर, अमृत विचार। ससुराल जाने की बात कहकर घर से निकला युवक वापस नहीं लौटा। युवक ने गांव घटपुरी व मियागंज के बीच नीम के पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। ग्रामीणों ने युवक के परिजनों को सूचना दी। परिजन चीत्कार करते हुए पहुंचे। शव को फंदे से उतारकर पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि युवक कर्ज की वजह से बहुत परेशान चल रहा था। जिसकी वजह से उसने जान दे दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव प्रहलादपुर निवासी भूरे सलमानी (24) पुत्र असफाक सलमानी एक साल से थाना बिनावर क्षेत्र के गांव घटपुरी में अपनी ससुराल में रह रहे थे। जहां वह अपना मकान बनवा रहे थे। गुरुवार सुबह आठ बजे उन्होंने अपनी पत्नी नूरवीर से कहा कि वह अपने गांव प्रहलादपुर जा रहे हैं और घर से चले गए। तकरीबन दो घंटों के बाद घटपुरी और मियागंज मार्ग किनारे मियागंज निवासी होरी लाल के खेत में खड़े नीम के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। खेत पर काम करने वाले किसानों ने सूचना दी कि भूरे सलमानी का शव फंदे पर लटका है। परिजन चीत्कार करते हुए पहुंचे। सूचना देकर पुलिस को बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने बताया कि भूरे ने अपना मकान बनवाने के लिए पांच लोगों से तकरीबन ढाई लाख रुपये कर्ज लिया था। जिसे वह चुका नहीं पा रहे थे। कुछ दिनों से परेशान चल रहे थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बिनावर के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार कंबोज ने बताया कि पेड़ पर युवक का शव लटका मिला था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं आई है।
ये भी पढ़ें - जनसुनवाई पोर्टल की शिकायतों के निस्तारण में अव्वल रहा बदायूं, SSP ने दी बधाई
