बहराइच: विद्यालयों में 60 प्रतिशत से कम न हो छात्रों की उपस्थिति, एडी बेसिक शिक्षा ने की समीक्षा बैठक
बहराइच, अमृत विचार। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को एडी बेसिक देवीपाटन मंडल ने विभागीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के साथ विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक देवीपाटन मंडल गोंडा राम सागर पति त्रिपाठी की अध्यक्षता में कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बहराइच में मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में बेसिक शिक्षा योजना अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की। एडी बेसिक ने कहा कि सरकार शिक्षा को मजबूत करने के लिए हरसंभव सहयोग कर रही है। ऐसे में शिक्षक छात्रों की उपस्थिति पर ध्यान दें। 60 प्रतिशत से कम उपस्थिति छात्रों की न हो। अगर किसी विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति कम है तो प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई करें।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह, वित्त एवं लेखा अधिकारी वीरेश कुमार वर्मा, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, समस्त जिला समन्वयक, समग्र शिक्षा और एमडीएम उपस्थित रहे। बैठक में सहायक शिक्षा निदेशक द्वारा बेसिक शिक्षा अंतर्गत संचालित योजनाओं को ससमय क्रियान्वयन किए जाने के लिए सभी को निर्देशित किया।
ये भी पढ़ें- बहराइच: कतर्नियाघाट जंगल में फंदे से लटकता मिला ग्रामीण का शव, इलाके में सनसनी
