मुरादाबाद : मोबाइल हैक कर महिला के बैंक खातों से उड़ाए डेढ़ लाख रुपये

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

जानकारी होने पर पीड़िता ने ब्लॉक कराए खाते, थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट

मुरादाबाद, अमृत विचार। शातिर साइबर ठगों ने महिला का मोबाइल हैक करके उसके तीन बैंक खातों से डेढ़ लाख से ज्यादा की रकम उड़ा ली। जानकारी होने पर पीड़िता ने तुरंत ही अपने बैंक खातों को ब्लॉक कराया और सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के कांठ रोड स्थित आकाश रेजिडेंसी की रहने वाली अनुपम कुमारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 नवंबर को किसी अज्ञात साइबर ठग ने उसका मोबाइल हैक कर लिया। जिसके बाद आरोपियों ने उसके बैंक खाते से रकम निकाल ली। शाम को उसने अपना मोबाइल चेक किया तो पता चला कि उसके कैनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक व भारतीय स्टेट बैंक के खातों से विभिन्न एप द्वारा पासवार्ड रिसेट किया गया और पैसे निकालने के लिए ओटीपी आए हुए थे। महिला ने एसएमएस चेक किए जो पता लगा कि साइबर ठगों ने उसका मोबाइल हैक कर बैंक खातों से 1 लाख 74 हजार 96 रुपये निकाल लिए। जिसके बाद पीड़िता तुरंत ही बैंक पहुंची और अपने खातों को ब्लाक कराया। थाना सिविल लाइंस के प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि महिला की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है। जल्द ही साइबर ठग का पता लगाया जाएगा।

संबंधित समाचार