दिल्ली: कानून व्यवस्था को लेकर केजरीवाल ने केंद्र पर साधा निशाना, कहा- गृह मंत्री कहां हैं?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को दिल्ली की कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने के बजाय उन्हें लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ध्यान देना चाहिए। दिल्ली में अगले वर्ष फरवरी में विधानसभा चुनाव होना है और पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आती है। 

केजरीवाल ने सुबह की सैर के दौरान एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, पंचशील एन्क्लेव में एक बुजुर्ग की हत्या और जबरन वसूली की बढ़ती घटनाओं सहित कई हिंसक घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। 

पूर्व सीएम ने मीडिया से कहा, “लोग घबराए हुए हैं और कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। बुजुर्ग डरे हुए हैं, महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं और गैंगवार हो रही है। दिल्ली के हर कोने में मादक पदार्थ बिक ​​रहे हैं। दिल्ली पुलिस कहां है? गृह मंत्री कहां हैं? ” 

उन्होंने कुछ अपराधों के पीछे रोहिंग्याओं का हाथ होने के भाजपा के दावे पर कहा, “अगर वे रोहिंग्या हैं, तो गृह मंत्री ने उन्हें म्यांमार और बांग्लादेश की सीमाओं पर क्यों नहीं रोका? और अगर वे दिल्ली में घुस आए हैं तो दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया? इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने के बजाय, उन्हें दिल्ली के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ध्यान देना चाहिए।” 

भाजपा ने पहले भी ‘आप’ पर राजनीतिक लाभ के लिए आपराधिक तत्वों को बचाने का आरोप लगाकर आरोपों का जवाब दिया है। केजरीवाल ने हालांकि, तर्क दिया कि इस तरह के दावे लोगों का ध्यान सार्वजनिक सुरक्षा के अहम मुद्दे से भटकाने की कोशिश है।  

ये भी पढ़ें- NREGA से जुड़े मुख्य नियम और शर्तें, जानिये कैसे और किसे मिलता है गारंटीड रोजगार

संबंधित समाचार