बाराबंकी: अतिक्रमण के खिलाफ चला अभियान, व्यापारियों में मचा हड़कंप
फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। कस्बे में मुख्य मार्गों पर दुकानदारों द्वारा नालियों के ऊपर तख्त रखकर अवैध रूप से अतिक्रमण किये जाने को लेकर एसडीएम के आदेश पर नगर पंचायत कर्मचारियों ने अभियान चलाया। अभियान के दौरान करीब 35 दुकानों के बाहर रखे तख्तों को ट्रैक्टर-ट्राली पर लाद लिया।
इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। व्यापारियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम से मुलाकात की। जिसमें एसडीएम ने चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो सख्त कार्रवाई की जायेगी। कस्बा फतेहपुर के मुख्य मार्गों पर दुकानदारों द्वारा नालियों के ऊपर अवैध रूप से तख्त रखे जाते हैं। जिसके कारण नालियों की सफाई समुचित तरीके से नहीं हो पाती और जाम की स्थिति भी बनी रहती है।
इस प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए शनिवार की सुबह 6 बजे एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा के आदेश पर नगर पंचायत के कर्मचारियों ने सट्टी बाजार, बेलहरा चौराहा, मुंशीगंज बाजार में दुकानों के बाहर रखे गये तख्तों को ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर नगर पंचायत ले आये।
इसकी जानकारी जब व्यापार मण्डल अध्यक्ष रवीन्द्र कुंमार वर्मा को हुई, तो कई व्यापारी मौके पर इकट्ठा हो गये और एसडीएम से वार्ता करने के लिए कोतवाली पहुंचे। जहां मौजूद एसडीएम से व्यापारियों ने वार्ता कर कहा कि भारी वाहन कस्बे के मुख्य मार्ग से होकर गुजरते हैं, जबकि कस्बे में सकरे मार्ग होने के कारण जाम लगता है। इन बड़े वाहनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया जाये, तो जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
वहीं व्यापारियों ने जिन दुकानदारों द्वारा नालियों के बाहर अवैध रूप से तख्त डाले गये हैं, उन्हे हटाकर उसे अपनी सीमा में रखने की बात भी कही। जिस पर एसडीएम ने उनकी बातों को संज्ञान मे लेकर समस्या के निराकरण पर विचार करने की बात कही। साथ ही दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
यह भी पढ़ें:-GST से और वसूली की तैयारी में सरकार, कांग्रेस करेगी इसका विरोध, राहुल गांधी का दावा
