बदायूं: जमीन में दबी मिली भगवान शिव की मूर्ति व नंदी, पुलिस ने निकलवाई बाहर
तीन दिन पहले मूर्तियां खंडित करके जमीन में दबाने और तालाब में फेंकने की मिली थी सूचना
बदायूं, अमृत विचार। ऐतिहासिक स्थल सूरजकुंड में पीपल के पेड़ के नीचे रखी गईं मूर्तियां जमीन में दबी हुई मिलीं। सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। मूर्तियों को जानबूझकर जमीन में दबाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां रह रहे लोगों से पूछताछ की। जमीन की खोदाई कराई गई। जमीन से मूर्तियां बरामद हुईं। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है।
संगठनों के पदाधिकारियों को तीन दिन पहले सूचना मिली थी कि दातागंज मार्ग स्थित सूरजकुंड में रह रहे बौद्ध संप्रदाय के लोगों ने पीपल के नीचे रखी भगवान शिव, नंदी की मूर्तियों व शिवलिंग को जमीन में दबा दिया है। यहां रामलीला होती थी। भगवान राम व केवट संवाद होता था लेकिन आज वहां कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों ने बौद्ध संप्रदाय के लोगों के साथ मिलकर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। यहां लगभग सौ साल पुराने दो-तीन मंदिरों को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया है। कुछ मूर्तियों को कुंड में फेंका है। मंदिर के अवशेष भी इधर-उधर फेंक दिए हैं। शिवलिंग व नंदी महाराज को चबूतरे की सीढ़ियों के नीचे दबा दिया है। शनिवार को संगठनों के पदाधिकारी सूरजकुंड पहुंचे। मौके पर हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। चबूतरे के नीचे सीढ़ियों को खोदा तो विशाल शिवलिंग व नंदी महाराज को बाहर निकाला गया। हनुमान की क्षत विक्षत मूर्ति और मंदिर के अवशेष मिले। विहिप के जिलाध्यक्ष नीरज रस्तोगी ने बताया कि वह लोग सूरजकुंड पहुंचे थे तो वहां मौजूद लोग चरस, गांजा पी रहे थे। वह आपराधिक प्रवृत्ति के लग रहे थे। संगठनों ने मांग की है कि वहां अवैध रूप से रह रहे बुद्ध समाज के लोगों को हटाया जाए। आपराधिक किस्म के लोगों को सूरजकुंड पर प्रवेश न दिया जाए और मंदिर की स्थापना कराकर पूजा कराई जाए। संगठन ने उच्च पदाधिकारियों और केंद्रीय मंत्रियों को सूचना दी है। संगठन के शीर्ष पदाधिकारी जल्द ही मौके का दौरा करेंगे। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुचलका पाबंद की कार्रवाई की गई है। विहिप के जिला मंत्री अधिवक्ता उज्जवल गुप्ता, बजरंग दल के जिला संयोजक हरिओम पाठक, जिला उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा, नगर अध्यक्ष ऋषि कुमार वर्मा, राजेश सपरा, जिला सहमंत्री राजेश बाबू, जिला सेवा प्रमुख नीरज कोचर, जिला मठ मंदिर प्रमुख राजीव जौहरी, मीडिया प्रभारी मयूर गुप्ता, शिवम आदि उपस्थित रहे। सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। खंडित मूर्तियां मिली थीं। पीपल के पेड़ का चबूतरा के धंसने की वजह से मूर्तियां नीचे चली गई थीं। जिन्हें बाहर निकलवाया गया है। वहां से पकड़े गए लोगों का मुचलका पाबंद करने की कार्रवाई की है।
ये भी पढ़ें - बदायूं: कार की टक्कर से छह साल के मासूम की दर्दनाक मौत, सड़क पार करते वक्त हुआ हादसा
