शाहजहांपुर: आयुष्मान योजना से इलाज बंद करने की राह पर यूपी- डॉ. अग्रवाल

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार: आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पीके अग्रवाल ने कहा कि आयुष्मान योजना गरीबों के लिए बहुत अच्छी है, लेकिन अब इस योजना पर कुठारघात हो गया है। योजना के तहत गरीबों का इलाज करने वाले चिकित्सकों का करोड़ों रुपया सरकार पर बकाया चल रहा है। तरह-तरह की रिपोर्ट आदि मांगकर भुगतान लंबित किया जा रहा है। 

भुगतान न होने की वजह कई अन्य प्रदेश आयुष्मान योजना से इलाज बंद कर चुके हैं। अब उत्तर प्रदेश भी इसी राह पर हैं। ऐसे तो यूपी में भी आयुष्मान योजना से इलाज बंद हो जाएगा। उन्होंने डिग्रीधारक चिकित्सकों के नाम पर वार्ड बॉय व अन्य अप्रशिक्षित लोगों की ओर से अस्पताल चलाने पर चिंता जताई और जनता से सावधान रहने का आह्वान किया।         

जिले से पहली बार डॉ. पीके अग्रवाल इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद आईएमए ने रविवार को शाहजहांपुर क्लब में पत्रकार वार्ता व चिकित्सकों को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया। शुभारंभ वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दीपा सक्सेना ने आईएमए की ईश प्रार्थना के साथ कराया। वरिष्ठ चिकित्सकों ने डॉ. पीके अग्रवाल को शाल ओढ़ाकर व माल्यार्पण कर सम्मानित किया। 

आईएमए शाहजहांपुर के अध्यक्ष डॉ. एसके जैन की ओर से कार्यक्रम का विषय प्रवेश कराया गया। इसके बाद डॉ. यूडी कपूर, डॉ. बृजेंद्र सक्सेना, डॉ. विजय पाठक, डॉ. दीपा सक्सेना, डॉ. हिकमत उल्ला सिद्धिकी, डॉ. आनंद अग्रवाल, डॉ. विकास टंडन, डॉ. कल्पना अग्रवाल, डॉ. सीमा अग्रवाल, डॉ. मोहित मोहन व डॉ. सिद्धार्थ शुक्ला आदि ने अभिनंदन किया। डॉ. पीके अग्रवाल ने प्रदेश आईएमए के वरिष्ठ अधिवेशन में दिए गए पुरुस्कारों से सदस्यों को सम्मानित किया। शाखा शाहजहांपुर को मिला गोल्ड मेडल तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अध्यक्ष डॉ. एसके जैन ने प्राप्त किया। ब्रांच को उत्कृष्ट कार्यों के लिये मिले पुरुस्कार सचिव डॉ. मोहित मोहन ने प्राप्त किया। 

मरीज-चिकित्सकों के बीच बढ़ता अविश्वास चिंता का विषय
अपनी प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने चिकित्सकों व रोगियों के मध्य वढ़ते अविश्वास पर चिंता प्रकट की और कहा वह इसको समाप्त करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बढ़ती हिंसात्मक घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की और कहा इसको रोकने के लिए भारत सरकार की कलम से कानून बनना चाहिये। उन्होंने चिकित्सकों का आह्वान किया कि वह पूरी निष्ठा व पारदर्शिता से अपने चिकित्सा धर्म का पालन करें और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर उसको जितना संभव हो सके वीडियोग्राफी करने की कोशिश करें, यही वीडियो न केवल समाज को सत्य बताएंगे बल्कि न्यायालय में भी सत्य का काम करेंगे। 

चिकित्सकों ने कहा कि डॉ. पीके अग्रवाल इस जनपद से प्रदेश की जिम्मेदारी पाने वाले प्रथम अध्यक्ष हैं। फिर भी उनका प्रयास रहेगा कि भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में और प्रगति हो तथा लोगों को आसानी व्यवहारिक दरों पर प्राइवेट केंद्रों पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। अंत में पूर्व अध्यक्ष डॉ. विजय पाठक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए सभा का विसर्जन किया।

अपने अस्पताल में गरीबों को निशुल्क दे रहे इलाज
डॉ. पीके अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सकों को समाज सेवा के कार्य भी करना चाहिए। उन्होंने अपने अस्पताल में कुछ बेड गरीबों के लिए आरक्षित कर दिए हैं। यहां इलाज कराने वाले मरीजों से अस्पताल का चार्ज नहीं लिया जाता है। उनसे सिर्फ दवाओं का पैसा लिया जाता है। वह 30 साल ने महानगर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके अपने अस्पताल में कोई विवाद नहीं हुआ। उन्होंने चिकित्सा को सेवा समझ कर कार्य किया। पैसे को महत्व कभी नहीं दिया। उन्होंने कहा कि आईएमए रिमोट एरिया के गांवों को गोद लेकर वहां के ग्रामीणों को निशुल्क बेहतर इलाज देने पर विचार कर रहा है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: शादी के घर को चोरों ने बनाया निशाना, साढ़े तीन लाख नकद व लाखों के जेवर लेकर चंपत

संबंधित समाचार