संसद में पीएम मोदी का विज्ञापन कर रहा विपक्ष, सांप्रदायिक फसाद में सियासी मफाद तलाश रहे लोग : नकवी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शंकरपुर स्थित आवास पर बोलते पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी।

रामपुर, अमृत विचार। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि लोग सांप्रदायिक फसाद में सियासी मफाद तलाश रहे हैं। साजिशी सिंडिकेट के सांप्रदायिक संक्रमण से समाज को सावधान रहना होगा। कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में सरकार के विरोध के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विज्ञापन करते दिख रहे हैं। जब सरकार में थे तो हर मैदान में हिट विकेट, अब विपक्ष में हर मैच में नो बॉल का रिकार्ड बनाने में डटे हैं। 

रविवार की शाम पत्रकारों से बातचीत में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सांप्रदायिक उन्माद की आफत को सामाजिक सद्भाव की ताकत से परास्त कर मुल्क, मानवता को महफूज और मजबूत करना वक्त की जरूरत व राष्ट्रीय कर्तव्य है। दावों की बकैती और धावों का बवंडर की साम्प्रदायिक प्रतिस्पर्द्धा की धूर्ततापूर्ण धुन को धूलधूसरित करना होगा। कुछ विदेशी आक्रमणकारियों की क्रिमिनल, कम्युनल, क्रूर करतूत के कलंक को वर्तमान पीढ़ी के सुरक्षा, समृद्धि, सौहार्द का कंटक-संकट नहीं बनने देना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का डीएनए पूछ रहे सियासी लोगों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनका डीएनए तो 'दंगाइयों की ठुकाई, बलवाइयों की कुटाई और समाज की सुरक्षा-सौहार्द व भलाई है। यह डीएनए ऐसे बलवाइयों, बाहुबलियों, बकैतों की चोट पर चीख निकाल रहे सामंती सुल्तानों की सोच समझ से बाहर है। महत्वाकांक्षाओं के मझधार में फंसे कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन में जितने छेद हैं उससे ज्यादा उसमें महत्वाकांक्षी मतभेद हैं। छेद को रफू करने, मतभेद को रफूचक्कर करने में चुनाव में भी ये लोग निपटते जा रहें हैं और गठबंधन के गुरुघंटालों का गुरूर भी सिमटता जा रहा है।

समाजवादी सुल्तान और सामन्ती सूरमां, सत्ताईस के सूबाई चुनावी अखाड़े में भी चारो खाने चित होंगे। जनता सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के छल को समावेशी सशक्तिकरण के बल से छूमंतर करेगी। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिन्दूओं पर हो रहे अत्याचार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लगता है कि बांग्लादेश की व्यवस्था अपराधिक, अराजक कठमुल्लाओं की क्रूरता की कैद हो गई है, जो कुछ वहां हो रहा है  वह न बांग्लादेश की संस्कृति है न संस्कार हैं। वहां अल्पसंख्यकों की सुरक्षा समाज और सरकार की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, भाजपा जिला अध्यक्ष हंसराज पप्पू, ज्वाला प्रसाद गंगवार, अशोक विश्नोई, कपिल आर्य, दिनेश शर्मा, डॉ. चंद्रपाल, विवेक पांडे, हरीश गंगवार, विकास दीक्षित, महासिंह राजपूत, अतहर अब्बास नकवी, पुष्पेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।

ये भी पढे़ं ; रामपुर : दहेज में बुलेट नहीं मिलने पर तोड़ दिया रिश्ता, 15 दिसंबर को होनी थी शादी...5 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज



संबंधित समाचार

टॉप न्यूज