Auraiya: आश्वासन के बाद शौचालय का निर्माण शुरू होने पर दुकानदार ने किया आत्मदाह का प्रयास, पीड़िता बोला- जिलाधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष से भी लगाई गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मौके पर पहुंची पुलिस ने बचाया और कोतवाली लाए

औरैया, अमृत विचार। जबरन शौचालय का निर्माण किए जाने से नाराज दुकानदार ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे बचाया। पूछताछ के लिए पुलिस उसे कोतवाली लेकर पहुंची। इधर मौके पर मौजूद लोगों ने जिला और पालिका प्रशासन के प्रति आक्रोश जताया।

क्षेत्र के गांव साला बरमूपुर निवासी किशन दत्त कुशवाहा होमगंज सदर बाजार में सिलाई की दुकान किए हैं। दुकान के बगल में ही पालिका की ओर से शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। रविवार को शौचालय का निर्माण ठेकेदार ने शुरू कराया। मोहल्ले के लोगों ने विरोध जताते हुए काम रुकवाया। लेकिन ठेकेदार ने शौचालय हर हाल में बनने की बात कही। 

इसी बीच वहां पहुंचे किशन दत्त ने बताया कि जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और नगर पालिका अध्यक्ष अनूप कुमार गुप्ता ने शौचालय न बनने की बात कही है। ऐसे में शौचालय का निर्माण नहीं होना चाहिए। ठेकेदार ने काम जारी रखने की बात कही। तो किशन दत्त व स्थानीय लोगों ने विरोध किया। 

लोगों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। तभी किशन दत्त ने विरोध जताते हुए पेट्रोल अपने ऊपर छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने उसे किसी तरह रोका और कोतवाली लाए। कोतवाली में किशन दत्त के कपड़े बदलवाए और उसे समझाने का प्रयास किया। 

किशन दत्त ने बताया कि दुर्गंध के कारण बुरा हाल रहता है। जब आश्वासन दिया गया तो फिर जबरदस्ती नहीं की जानी चाहिए। कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि आत्मदाह का प्रयास करने वाले युवक को हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- कानपुर में बेरहमी की शिकार महिला की मौत: पति ने तोड़ा था जबड़ा, शरीर को सिगरेट से गोदा, रो-रोकर बेटी ने पुलिस को सुनाई आपबीती

संबंधित समाचार