Barabanki Road Accident : आमने-सामने भिड़ंत में ट्रक व डीसीएम के उड़े परखच्चे, सड़क पर फैला आलू
बाराबंकी, अमृत विचार : ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने भिड़ंत में दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। वहीं डीसीएम की ट्रक से टक्कर होने के चलते उसमें लदी आलू की बोरियां फट गईं। जिससे सड़क पर बिखर कर आलू नष्ट हो गया। आलू व्यापारी को बड़ा नुकसान हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन के माध्यम से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन शुरू कराया।
रविवार को फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर रोड स्थित धौंसर चौराहे पर सीतापुर से आलू लेकर जा रही डीसीएम और बालू लदे ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिससे दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद करीब आधा घंटा आवागमन बाधित रहा। दोनों ही चालक वाहन छोड़कर घटनास्थल से भाग निकले। राहगीरों की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को वहां से हटाया। जिससे यातायात सुचारू हो गया। डीसीएम में लदी आलू की बोरियां हादसे के बाद फट गईं और आलू सड़क पर बिखर गया। जिससे व्यापारी को बड़ा नुकसान होने की भारी आशंका जताई जा रही है।
कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने टक्कर हुई है। गाड़ियों को किनारे कर आवागमन को सुचारू रूप से चालू कर दिया गया और मामले में उचित कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई है।
यह भी पढ़ें- Cylinder Blast में घायल मजदूर की मौत : अवैध गैस गोदाम में Riffling के दौरान हुआ था हादसा
