बाराबंकी: सड़क हादसों में एक मजदूर समेत दो की मौत, एक गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। रामसनेही घाट और सुबेहा थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक ईंट भट्ठा मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं ट्रैक्टर ट्राली चढ़ने से एक बाइक सवार का शरीर दो हिस्सों में कट गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया। साथ ही घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।

खाई में पल्टी ट्रैक्टर ट्राली, एक मजदूर की मौत
रामसनेहीघाट, बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन द्वारा ओवरटेक करने के दौरान एक ट्रैक्टर ट्राली असंतुलित होकर हाईवे के नीचे गहरी खाई में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर सवार दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डांक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी मुताबिक थाना असंद्रा क्षेत्र के अंतर्गत अमहिया गांव निवासी सचिन यादव पुत्र मुनेश यादव व अनिल यादव पुत्र अरविंद यादव दरियाबाद में ईंटा उतारकर ट्रैक्टर ट्राली से वापस जा रहे थे। तभी रास्ते में कोतवाली रामसनेहीघाट के लखनऊ अयोध्या हाईवे पर धरौली गांव के निकट एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ओवरटेक किया। जिससे ट्रैक्टर ट्राली असंतुलित होकर हाईवे के नीचे गहरी खाई में पलट गयी। हादसे के बाद ट्रैक्टर पर सवार दोनों मजदूर उसी में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलने के बाद तत्काल मौके पर पहुची कोतवाली रामसनेहीघाट पुलिस ने दोनों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल ओम प्रकाश तिवारी ने बताया कि हादसे में एक भट्ठा मजदूर की मौत हुई है। जिसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दूसरे घायल मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बाइक सवार के ऊपर से निकली ट्रैक्टर ट्राली, शरीर के हुए दो टुकड़े
सुबेहा, बाराबंकी। सुबेहा हैदरगढ़ मार्ग पर शनिवार देर रात सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नगर पंचायत सुबेहा के किला दरवाजा वार्ड निवासी 22 वर्षीय मोनू पुत्र मुस्ताक बाइक से अपने घर से कांशीराम कॉलोनी जा रहा था। तभी जबरपुरवा लकड़ी ठेकी के सामने सुबेहा की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवार मोनू को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर लगने पर मोनू सड़क पर गिरा और ट्रैक्टर ट्रॉली उसके ऊपर से चढ़ते हुए निकल गई। जिसके चलते मोनू का शरीर दो भागों में कट गया। घटना के बाद टैक्टर ट्राली छोड़कर चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही टैक्टर ट्राली को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं हादसे की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें- बाराबंकी: भाजपा के 'बंटेंगे तो कटेंगे' का जवाब सद्भावना दिवस से देगी कांग्रेस

संबंधित समाचार