बाराबंकी: भाजपा के 'बंटेंगे तो कटेंगे' का जवाब सद्भावना दिवस से देगी कांग्रेस
बाराबंकी, अमृत विचार। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का जन्मदिन पार्टी के नेता सोमवार को समाजिक सद्भावना दिवस के रूप में मनाएंगे। इसके तहत रक्तदान और मरीजों में फल वितरण के साथ पार्टी और भी कई कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस दौरान इंडिया गठबंधन के दूसरे दल भी शामिल रहेंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए कांग्रेस पार्टी ने बंटेंगे तो कटेंगे के नारे का जवाब देने का भी मन बनाया है।
कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने बताया कि बीजेपी समाज को बांटकर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। बाबा साहब के महापरिनिर्वाण दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो बाते कहीं, उससे यह स्पष्ट हो जाता है। तनुज ने कहा कि बंटेंगे तो कटेंगे की बात कही जा रही है। लेकिन हम चाहते हैं कि सब एकजुट हों, देश के नाम पर सभी एक साथ आएं। इसलिए सोनिया गांधी के जन्मदिन को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। भाजपा के नेता देश के लोकतांत्रिक और सेक्युलर चरित्र को खत्म करना चाहते हैं। समाज में जिस तरह का जहर बीजेपी घोल रही है, कांग्रेस उसके खिलाफ है।
कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. पीएल पुनिया ने कहा कि हमारी राष्ट्रीय नेता सोनिया गांधी का जन्मदिन समाजिक सद्भावना के तौर पर मनाने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस दिन हम लोग रक्तदान करेंगे। उन्होंने कहा कि जो रक्त हम लोग देंगे, वह किसको जाएगा, यह किसी को नहीं पता। उन्होंने कहा कि ये राष्ट्रीय सद्भावना का प्रतीक है। सोनिय गांधी न सिर्फ कांग्रेस की वरिष्ठ नेता हैं, बल्कि देश के उत्थान में भी उनका बड़ा स्थान है। यूपीए सरकार के दौरान उनकी सिफारिशों के आधार पर राइट टू इन्फॉरमेशन, मनरेगा और राइट टू फूड जैसे कानून लाए गए थे।
पीएल पुनिया ने आरोप लगाया कि इन कानूनों की एनडीए की सरकार में घोर अपेक्षा की जा रही है। इस समय सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी की है। जिसके लिए सोनिया गांधी ने यूपीए सरकार के दौरान कई प्रयास किए थे। इसलिए उनके जन्मदिन को कांग्रेस, इंडिया गठबंधन और संविधान को मानने वाले लोग समाजिक सद्भावना दिवस के रुप में मनाएंगे। साथ ही यह संकल्प करेंगे कि नफरत के बीज बोने वाली भाजपा के खिलाफ हम सभी एकजुट होकर उनके समाज, संविधान विरोधी हर कार्य का विरोध करेंगे।
ये भी पढ़ें- Barabanki News : युवती के साथ छेड़छाड़, हाथ-पैर बांधकर Railway crossings के पास फेंका
