Police encounter : गले में भगवा गमछा, माथे पर टीका और हाथ में त्रिशूल लेकर करते थे गौ तस्करी
पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, 7 गौ तस्कर गिरफ्तार, जवाबी कार्रवाई में गौ तस्करों के पैर में लगी गोली
बाराबंकी, अमृत विचार : रविवार देर रात पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। कुल सात गौ तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधी गौ तस्करी को अंजाम देते रहे हैं। इन सभी पर जिले के विभिन्न थानों में कई अपराधिक मामले दर्ज हैं। गौ तस्कर गले में भगवा गमछा, माथे पर टीका और हाथ में त्रिशूल लेकर गौ तस्करी करते थे।
गौरतलब है कि 08 दिसम्बर की रात पुलिस कंट्रोल रुम पर सूचना मिली कि सतरिख थाना क्षेत्र अंतर्गत कमरपुर गांव में गौरियाघाट रोड पर कुछ अज्ञात शख्स वाहन में सवार होकर जंगल के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। सूचना मिलने पर तुरंत स्वाट व थाना सतरिख पुलिस टीम ने दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने देखा कि एक पेड़ से दो गोवंशीय पशु बंधे हुए थे और पास में पिकअप वाहन तिरपाल से ढका हुआ खड़ा था। उसके पास ही एक और वाहन व मोटरसाइकिल खड़ी थी, जिसमे लोहे का चापड़, चाकू, छूरी व जानवरों को बांधने वाली रस्सी रखी थी। पुलिस वहां पर वाहन मालिकों को तलाश कर रही थी। इसी दौरान जंगल में छिपे हुए गौ तस्करों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जिसको देखते हुए पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से में सीतापुर जनपद के महमूदाबाद थानाक्षेत्र के मौजा केदारपुर निवासी सरवर और मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र बेलहरा गांव निवासी गुफरान घायल होकर गिर पड़ा। जबकि बाकी तस्कर मौके से भागने लगे।
पुलिस ने घेराबंदी कर मो. उमर उर्फ गुल्जारी, अंकुल, इरफान,नवीजान, मो. अजीज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तर में आए अपराधियों का कनेक्शन लखनऊ, बाराबंकी और सीतापुर से हैं। जिनके ऊपर विभिन्न थानो में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचा और कारतूस भी बरामद किया। घायल बदमाशो को जिला अस्पताल में पुलिस ने भर्ती कराया। बदमाशों ने पूछताछ में और भी कई सूचनाएं दी हैं। जिनकी तस्दीक की जा रही है। इनके गैंग के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। सभी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भेष बदलकर आगे बैठता था मो. उमर
मुठभेड़ में पकड़े गए सभी अपराधी गौ तस्कर निकले। इसमें से मो. उमर गले में भगवा गमछा, माथे पर टीका और हाथ में त्रिशूल लिये रहता था। जिससे किसी को यह शक न हो कि गाड़ी में गौवंश हैं और वह लोग गौ तस्करी जैसे किसी संगीन अपराध को अंजाम देने जा रहे हैं। अपनी वेशभूष की आंड़ में वह गौतस्करी की वारदात को अंजाम देते थे। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि मो. उमर के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम से संबंधित ही करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इन सभी के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा गौ तस्कर जिस-जिस जिले से संबंधित हैं, वहां के थानों पर सूचना दी जा रही है। जिससे वहां पर सभी की हिस्ट्रीशीट खोली जाए।
यह भी पढ़ें- रायबरेली: रस्सी से बंधा था पति का शव, बिखरा पड़ा था सामान, घर का नजारा देख पत्नी के उड़े होश, इलाके में सनसनी
