रायबरेली: रस्सी से बंधा था पति का शव, बिखरा पड़ा था सामान, घर का नजारा देख पत्नी के उड़े होश, इलाके में सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डलमऊ/रायबरेली, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नरसवां गांव में अधेड़ को घर में अकेले पाकर बदमाशों ने लूटपाट कर हत्या कर दी गई। अधेड़ की हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, क्षेत्राधिकारी डलमऊ अरुण नौहवार, डलमऊ कोतवाल सहित थाने की फ़ोर्स मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई है।

cats

सोमवार को डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के नरसवां गांव के रहने वाले उमाशंकर साहू पुत्र सरजु प्रसाद का घर के अंदर रस्सी से बंधा शव मिला है। जब इसकी भनक परिजनों को लगी तो हड़कंप मच गया। मौके पर भीड़ जुट गई और घटना की जानकारी पुलिस को दी। परिजनों का आरोप है घर में घुसकर हत्या करके लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करें। 

उमाशंकर घर पर एक छोटी सी परचून की दुकान करता था। साथ में खेती भी करता था। घर में उमाशंकर साहू और उसकी पत्नी सुशीला देवी रहती है। सुशीला अपनी पुत्री के ससुराल एक निमंत्रण में सरेनी थाना क्षेत्र के रालपुर गई हुई थी। इसी मौके का फायदा उठाकर बदमाशों ने घर में घुसकर उमाशंकर की हत्या कर दी और कीमती सामान लूट ले गए।

सुशीला जब निमंत्रण से लौटी तो इस घटना का पता चला। घर में उमाशंकर का शव से रस्सी से बंधा पड़ा हुआ था। घर का पूरा समान बिखरा पड़ा था। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। डलमऊ कोतवाल पवन कुमार सोनकर ने बताया कि हत्या की घटना सत्य है। लेकिन लूट की घटना को लेकर जांच की जा रही है। परिजन कुछ बता नहीं पा रहे है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।

यह भी पढ़ें:-Sonia Gandhi Birthday: प्रधानमंत्री मोदी ने सोनिया गांधी को दी जन्मदिन की बधाई, जानें क्या कहा...

संबंधित समाचार