बदायूं : लिंटर डालते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर राजमिस्त्री की मौत
गांव सिसरका में उमेश के मकान का लिंटर डालते समय हुआ हादसा
ओरछी, अमृत विचार। लिंटर डालते समय थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सिसरका में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर राजमिस्त्री की मौत हे गई। परिजनों ने निर्माण करा रहे ग्रामीण के घर के सामने शव रखकर हंगामा किया। सूचना पर थाना प्रभारी इंद्र कुमार पहुंचे और परिजनों को समझाया। परिजन बात मानने को तैयार नहीं हुए। सीओ बिसौली के समझाने के बाद परिजनों शव पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया।
गांव सिसरका निवासी भानु प्रकाश पुत्र मलखान राजमिस्त्री थे। वह मकान बनाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। सोमवार को वह गांव के उमेश पाल के मकान का लिंटर डाल रहे थे। कुछ हिस्से पर लिंटर डाल गया था। वह बाकी के हिस्से की लेवलिंग कर रहे थे। उनके हाथ की लोहे की फंटी पास में हाईटेंशन लाइन से छू गई। चिंगारी के साथ फाल्ट हुआ। भानु प्रकाश को करंट लगा और वह लिंटर पर गिर गए। हादसे के बाद परिजन पहुंचे और राजमिस्त्री को चंदौसी के निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और उमेश के निर्माणाधीन मकान के आगे शव रखकर हंगामा किया। घर के मालिक पर कार्रवाई की मांग करने लगे। मृतक की पत्नी मिथलेश ने बताया कि सोमवार को उनके पति और लोकेश पुत्र लक्ष्मण लिंटर डाल रहे थे। लोहे की फंटी और डोरी बिजली के तार से छूने की वजह से उनकी मौत हुई है। सूचना मिलने पर सीओ सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंची। परिजनों को समझाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मिथलेश ने घर के मालिक के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी इंद्र कुमार ने बताया कि युवक की मौत हुई थी। शव को पोस्टमार्टम को भेजकर जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें - बदायूं : डीएम ने किया प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण
