लखनऊ: कर्नल की पत्नी को बंधक बनाकर दुष्कर्म की कोशिश, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फन माल के पास कार में बनाया था बंधक, विरोध करने पर चाकू से किया वार

लखनऊ, अमृत विचार। महानगर इलाके में रहने वाली कर्नल की पत्नी को युवकों ने फन मॉल के पास कार में बंधक बनाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किये। जिससे वह घायल हो गई। पीड़िता ने किसी तरह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। महानगर और गोमतीनगर पुलिस टीम ने मुक्त कराया। वहीं, पीड़िता की तहरीर पर गोमतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज किया गया। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

महानगर के एक अपार्टमेंट में रहने वाली 40 वर्षीया कर्नल की पत्नी ने गोमतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कर्नल की पत्नी के मुताबिक वह रविवार को अपने फ्लैट से निकलकर गोमतीनगर इलाके में जरूरी काम से गई थी। देर शाम को वापस आते समय फन माल के पास तनिष्क अरोड़ा नाम का युवक अपने दोस्तों के साथ पहुंच गया और उसने अपनी कार महिला की कार के सामने लाकर खड़ी कर दी। इसके बाद महिला की कार में जबरदस्ती घुसकर बैठ गया।

कार में बनाया बंधक, दुष्कर्म का प्रयास

कर्नल की पत्नी का आरोप है कि तनिष्क कार में घुसा तो वह विरोध करने लगी। इस पर नाराज होकर उसने पहले थप्पड़ मारे। वह डर कर शांत हुई, तो दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। इसका विरोध किया तो धारदार हथियार से जान से मारने की कोशिश की। हमले में शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है। उससे मुक्त होने की कोशिश करने लगी तो फिर युवक हमलावर हो गया। किसी तरह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। कर्नल की पत्नी ने बताया कि मौके पर महानगर व गोमतीनगर थाने की पुलिस पहुंच गई। दोनों थानों की पुलिस को आता देख आरोपी भाग निकला। पुलिस ने कर्नल की पत्नी को मुक्त कराया। इसके बाद उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

कई वर्षों से कर रहा परेशान

महिला के मुताबिक कर्नल पति की तैनाती गैर प्रांत में है। वह फ्लैट में अकेले रहती हैं। पिछले कई वर्षों से तनिष्क उनको परेशान कर रहा है। वह अक्सर उनको धमकी देकर शारीरिक शोषण करने की कोशिश करता रहा है। उसकी हरकतों को लगातार नजरअंदाज किया । रविवार को हुई घटना से पूरा परिवार दहशत में है। रविवार को उसकी हरकतें हद पार कर गई। घटना के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। वहीं इस मामले में दो आरोपियों को पकड़ा गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर गोमतीनगर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा होंगे RBI के नये गवर्नर

संबंधित समाचार