लखीमपुर खीरी : संदिग्ध अवस्था में कमरे में लटका मिला विवाहिता का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। सोमवार को थाना मैलानी के खैरताली गांव में मायके में रह रही विवाहिता का शव फदे पर लटकता मिला है। मायके वालों ने ससुराल आए दामाद पर पत्नी को मारपीट कर फांसी पर लटका देने का आरोप लगाया है।

दादी शकुंतला देवी ने बताया कि करीब 12 दिन पूर्व सुखविंदर पोती को मारपीट कर घर छोड़ गया था। तब से अनामिका यहीं पर है। रविवार को सुखविंदर यहां आया हुआ था। किसी बात को लेकर पत्नी अनामिका से उसकी कहासुनी हो गई। गांव वालों के सामने उसने पोती को मारा पीटा तथा चला गया। सोमवार को मैं अनामिका की बिटिया को खिलाने के लिए चली गई, इसी बीच सुखविंदर आया और अपनी पत्नी अनामिका के साथ मारपीट की तथा उसे फांसी पर लटका कर बाहर से दरवाजे की कुंडी लगाकर गायब हो गया। मायके वालों ने बताया कि अनामिका (22) की शादी पिछले वर्ष 28 फरवरी 2023 को सुखविंदर पुत्र फूलचंद निवासी औरंगाबाद थाना मैगलगंज के साथ हुई थी। रविवार को सुखविंदर अपनी ससुराल खैरताली आया हुआ था। सुखविंदर के ससुर महेंद्र अपनी पत्नी सहित बाहर काम करने गए हुए हैं। छोटी बहन आराधना विद्यालय गई हुई थी। दोपहर बाद जब वह विद्यालय से घर वापस आई तो उसे बाहर कुंडी लगी हुई मिली। जब कुंडी खोलकर वह घर में गई तो उसने अपनी बहन अनामिका को छत में लगी लोहे की रॉड में दुपट्टे से लटका पाया। यह देख आराधना के होश उड़ गये, उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। तभी उसकी दादी भी आ गई। इस बीच दोनों के चिल्लाने की आवाज में सुनकर गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए। गांव की बेटी के मौत की खबर जो भी सुनता वह घटनास्थल की ओर दौड़ जाता। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सुखविंदर और अनामिका की जानवी नाम की एक सात माह की बेटी भी है।  देर शाम मैलानी इंस्पेक्टर राजेश सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर जितेंद्र बहादुर सिंह तथा नायब तहसीलदार घटनास्थल पर पहुंचे। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।

संबंधित समाचार