अमरोहा : एक न हुए तो बांग्लादेश जैसे होंगे हालात, सनातन धर्म रक्षा समिति का धरना-प्रदर्शन
अमरोहा, अमृत विचार। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों व हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में अमरोहा के मिनी स्टेडियम में हिंदुओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। विरोध-प्रदर्शन में कई हजार लोग मौजूद रहे। धरना-प्रदर्शन में हमारा धर्म सनातन धर्म, बटेंगे तो घटेंगे, एक रहेंगे सेफ रहेंगे आदि की तख्तियां लेकर लोग धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए।
सोमवार सुबह सनातन धर्म रक्षा समिति के तत्वावधान में शहर के मिनी स्टेडियम में धरना प्रदर्शन का आयोजन हुआ। सुबह करीब 11 बजे से लोग मिनी स्टेडियम में पहुंचना शुरू हो गए थे। कई व्यापारी भी दुकानें बंद कर धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम रहे। करीब 12 बजे तक पांच हजार से अधिक लोग धरना स्थल पर पहुंच गए थे।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अट्टे वाले बाबा डॉ. करणपुरी महाराज ने कहा कि बांग्लादेश में कई हिंदू मंदिरों पर पूजा के समय आक्रमण करके हिंदुओं का नरसंहार किया गया। मंदिरों में मूर्तियां की तोड़फोड़ करते हुए उन्हें अपमानित किया है। कई मंदिरों में आगजनी की गई है। हिंदुओं पर अत्याचार व उत्पीड़न करके धर्म परिवर्तन के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। बांग्लादेश सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने में नाकाम है और हमलावरों को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर तत्काल संज्ञान लेकर बांग्लादेश सरकार को मजबूत संदेश भेजें और हिंदुओं के विरुद्ध हो रहे अत्याचार को तुरंत रोकते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
चोटीपुरा स्थित कन्या गुरुकुल महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुमेधा ने भारत सरकार से मांग करते हुए कहा कि बांग्लादेश सरकार पर दबाव डालकर हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। जिससे उन्हें अपना धर्म और संस्कृति का पालन करने की स्वतंत्रता मिले। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी मानवाधिकारों की स्थिति में सुधार लाने के लिए कदम उठाने की मांग की। महिला सशक्तीकरण की आवाज बुलंद करते हुए कहा कि बांग्लादेश में महिलाओं पर अत्याचार तत्काल रोका जाए। कार्यक्रम के बीच-बीच में बांग्लादेश के विरोध में भी नारेबाजी होती रही। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वर दयाल, सूर्य प्रकाश टांक, ज्ञानी अरविंद सिंह, ज्ञानी जगबीर सिंह ने भी अपने वक्तव्य में केंद्र सरकार व अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पुरजोर मांग उठाने की बात कही। कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं व अन्य अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार को तत्काल रोका जाए और उन्हें स्वतंत्र जीवन जीने लायक माहौल प्रदान किया जाए। कार्यक्रम में महंत मनोज हरिदास, महंत नरोत्तम गिरी महाराज, महंत लवकुश गिरी महाराज, महेंद्र रामदास महाराज, इस्कॉन के प्रतिनिधि ऋषिकेश पांडे आदि मौजूद रहे। साथ ही धनौरा विधायक राजीव तरारा, एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, भाजपा जिलाध्यक्ष उदयगिरी गोस्वामी, धनौरा चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल, जिला महामंत्री अभिनव कौशिक, पवनीत दिवाकर आदि बड़ी संख्या भाजपा कार्यकर्ता व भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
धरना प्रदर्शन के बाद डीएम को सौंपा ज्ञापन
सनातन धर्म रक्षा समिति ने धरना-प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी निधि गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि बांग्लादेश में हिंदुओं के मंदिरों व घरों पर हमलों का घटनाओं का भारत सरकार संज्ञान ले। बांग्लादेश के हिंदू समुदाय की सुरक्षा की मांग की गई। कहा कि भारत सरकार बांग्लादेश सरकार पर दबाव डाले ताकि हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्हें अपने धर्म और संस्कृति का पालन करने की स्वतंत्रता मिले। वहीं जिलाधिकारी ने भी मंच से उच्च स्तर तक ज्ञापन पहुंचाने की बात की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, एएसपी राजीव कुमार सिंह, एसडीएम सुधीर कुमार, एडीएम मायाशंकर यादव सहित अन्य अधिकारी रहे।
ये भी पढ़ें - अमरोहा में 14 को टाउन हाल में रचनाएं पेश करेंगे राष्ट्रीय कवि
