मुरादाबाद: गला दबाकर की गई थी ट्रांसपोर्टर के बेटे बेबी यादव की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

दोस्त राकेश उर्फ जमुरा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस

मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर क्षेत्र से लापता ट्रांसपोर्टर के बेटे बेबी यादव के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। मरते दम तक उसके शरीर पर भारी वस्तु से प्रहार किए गए। पुलिस सुरक्षा में गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया। शव देखकर परिवार वालों का बुरा हाल हो गया। वहीं दूसरी ओर पुलिस हिरासत में लिए गए हत्यारोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है। वह लगातार पुलिस को गुमराह कर रहा है। पुलिस हत्या में शामिल संभावित हत्यारोपियों की तलाश में दबिश भी दे रही है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

पोस्टमार्टम के बाद ट्रांसपोर्टर गोपाल यादव के बेटे बेबी यादव का शव सिंहमन हजारी पहुंचा तो परिवार वालों के अलावा मोहल्ले के लोग भी फफक पड़े। पिता गोपाल यादव, मां विमला यादव, भाई सौरभ यादव, यश यादव, बहन ज्योति व रुबी का बुरा हाल हो गया। मां तो शव से चिपककर विलाप किए जा रही थी। वह हत्यारोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग कर रही थी। वहीं पिता एक कोने में गुमसुम खड़े हुए थे। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई सौरभ यादव की तहरीर पर मोहल्ले के ही राकेश उर्फ जमुरा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए हत्यारोपी से पूछताछ की जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। जल्द ही कत्ल की वारदात का खुलासा किया जाएगा।

दुकान जाने के लिए निकला था
कटघर थाना क्षेत्र के सिंहमन हजारी निवासी ट्रांसपोर्टर गोपाल यादव का 23 वर्षीय बेटा बेबी यादव बीते मंगलवार की सुबह घर से 9:00 बजे ट्रांसपोर्ट की दुकान पर जाने को निकला था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा था। तभी से परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे। मोहल्ले के ही राकेश ने बताया था कि बेबी यादव का शव सोर्सिंग हब के पास पड़ा है। जिसके बाद ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे थे। राकेश की निशानदेही पर ही शव बरामद हुआ था। शव बेहद खराब स्थिति में था। दुर्गंध भी आ रही थी।

संबंधित समाचार