LOC पर पाकिस्तान ने किया संघर्षविराम उल्लंघन, चार जवानों समेत 10 लोगों की मौत
श्रीनगर। पाकिस्तानी सैनिकों ने शुक्रवार को जम्मू कश्मीर में उरी सेक्टर से लेकर गुरेज सेक्टर के बीच कई स्थानों पर नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया जिसमें चार सुरक्षाकर्मियों सहित दस लोगों की मौत हो गयी। भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई में कम से कम आठ पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और …
श्रीनगर। पाकिस्तानी सैनिकों ने शुक्रवार को जम्मू कश्मीर में उरी सेक्टर से लेकर गुरेज सेक्टर के बीच कई स्थानों पर नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया जिसमें चार सुरक्षाकर्मियों सहित दस लोगों की मौत हो गयी। भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई में कम से कम आठ पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और 12 से ज्यादा घायल हुए हैं।
भारतीय सेना ने एलओसी पर हथियारों के ठिकानों, एफओएल के ठिकानों और आतंकवादियों के कई लांच पैड समेत पाकिस्तानी बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाने वाले वीडियो जारी किये। कार्रवाई में पाकिस्तान के हताहत हुए जवानों की संख्या अभी पता नहीं चली है। पाकिस्तानी गोलाबारी में तीन सैन्यकर्मियों, एक बीएसएफ उप-निरीक्षक और छह नागरिकों की मौत हो गयी, वहीं चार सुरक्षाकर्मी और आठ नागरिक घायल हो गए।
श्रीनगर स्थित रक्षा प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने मोर्टार दागे और अन्य हथियारों से गोलाबारी की और जानबूझकर असैन्य क्षेत्रों को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि भारतीय जवानों ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया, सीमा पार पाकिस्तानी सेना के आधारभूत ढांचे को खासा नुकसान पहुंचाया।
रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि विस्फोटकों के कई भंडारों के साथ ही आतंकवादियों के कई ठिकानों को भी निशाना बनाया गया है। कर्नल कालिया ने बताया कि पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर अकारण संघर्ष विराम उल्लंघन शुरू कर दिया। पाकिस्तान ने डावर, केरन, उरी और नौगाम सहित अन्य सेक्टरों में गोलाबारी की। इस गोलाबारी में चार भारतीय सैनिक शहीद हो गए और तीन घायल हो गए। वीडियो में भारतीय सेना की कार्रवाई में पाकिस्तानी सैनिकों के बंकरों और हथियारों के जखीरों को नष्ट होते देखा जा सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि हाजी पीर सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक उप-निरीक्षक (एसआई) भी शहीद हो गए जबकि एक जवान घायल हो गया। उन्होंने बताया कि उरी क्षेत्र के कमलकोट सेक्टर में दो नागरिकों की मौत हो गयी वहीं हाजी पीर सेक्टर के बालकोट क्षेत्र में एक महिला की मौत हो गयी। उन्होंने कहा कि उरी में विभन्नि स्थानों के अलावा, बांदीपुरा जिले के गुरेज सेक्टर में इजमार्ग से और कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में भी संघर्ष विराम के उल्लंघन की सूचना मिली है।
जम्मू में एक रक्षा अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले में दो बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। उन्होंने कहा, ” आज एक बजकर करीब 45 मिनट पर और दो बजकर करीब 45 मिनट पर पाकिस्तानी सेना ने पुंछ के सब्जियां में नियंत्रण रेखा के पास बिन उकसावे के गोलाबारी और गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
केरन सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश विफल
जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर सतर्क जवानों ने घुसपैठ की कोशिश को विफल कर दिया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता राजेश कालिया ने बताया नियंत्रण रेखा की अग्रिम चौकी पर तैनात सुरक्षा बलों ने संदिग्ध गतिविधियां देखी। उन्होंने कहा,“ सतर्क जवानों ने संदिग्ध घुसपैठ की कोशिश विफल कर दिया।” उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने घुसपैठियों को मदद करने के लिए बिना उकसावे की गोलीबारी शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा, “भारतीय जवान भी पाकिस्तानी सैनिकों की कार्रवाई का माकूल जवाब दे रहे हैं।
