बिलसंडा: भाजपा विधायक और सपा के पूर्व मंत्री के बीच तीखी नोकझोंक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिलसंडा/पीलीभीत, अमृत विचार। विद्युत संविदा कर्मी लाइनमैन छत्रपाल के घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे बीसलपुर के भाजपा विधायक रामसरन वर्मा और सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विवाद तब शुरू जब विधायक ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मुआवजा दिलाए जाने के आश्वासन को लिखित रूप …

बिलसंडा/पीलीभीत, अमृत विचार। विद्युत संविदा कर्मी लाइनमैन छत्रपाल के घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे बीसलपुर के भाजपा विधायक रामसरन वर्मा और सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विवाद तब शुरू जब विधायक ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मुआवजा दिलाए जाने के आश्वासन को लिखित रूप से दिए जाने को इनकार किया। विवाद बढ़ता देख सीओ ने दोनों नेताओं के बीच में कुर्सी डालकर स्थिति संभाली।

थाना क्षेत्र के गांव महोलिया निवासी लाइनमैन छत्रपाल की बृहस्पतिवार को गांव ईंटगांव में विद्युत पोल पर फाल्ट सही करते वक्त करंट लगने से मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को जब उसका शव गांव पहुंचा, तो संवेदना व्यक्त करने बिजली विभाग के अधिकारियों के अलावा बीसलपुर के भाजपा विधायक रामसरन वर्मा और पूर्व मंत्री हेमराज भी पहुंचे।

मृतक के परिजनों को आर्थिक मुआवजा दिलाए जाने की बात चल ही रही थी कि इसी बीच विद्युत विभाग के अधिकारी पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा के कहने पर परिवार के लोगों को बतौर गारंटी मुआवजा दिलाने के लिए लिखित रूप से देने जा ही रहे थे कि इसी बीच भाजपा विधायक रामशरण वर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को लिखित रूप से देने को मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों नेताओं के बीच तू-तू मैं-मैं होने लगी।

विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि दोनों नेताओं के बीच में सीओ को कुर्सी डालकर बैठना पड़ा। ताकि कहीं दोनों के बीच हाथा पाई न होने लगे। दोनों नेताओं के बीच तकरार बीसलपुर के एसडीएम और सीओ लल्लन सिंह के अलावा सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में हुई। जिसकी वीडियो भी वायरल हो रहा है।

एसडीएम राकेश गुप्ता व सीओ लल्लन सिंह के सामने दोनों नेताओं की जमकर तू-तू मैं-मैं हुई। हालांकि एसडीएम व सीओ ने काफी समझाने का भी प्रयास किया लेकिन दोनों एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोपों की झड़ी लगाते रहे। काफी देर बाद जब मामला शांत हुआ तो अंतिम संस्कार के लिए शव श्मशान घाट ले जाया गया। उधर विद्युत विभाग के एक्सियन ने शीघ्र ही विभाग की ओर से 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिलाए जाने का परिजनों को आश्वासन दिया है।

“मृतक के परिवार को पांच लाख रुपए विद्युत विभाग, पांच लाख का कृषक बीमा एवं पांच लाख रुपए श्रमिक विभाग से शीघ्र ही दिलाया जाएगा। आज विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा आपस में धन संग्रह कर मृतक के परिवार को उसके दाह संस्कार के लिए मदद की गई है।” -रामसरन वर्मा, भाजपा विधायक, बीसलपुर

“मृतक के परिजनों को विद्युत विभाग की ओर से 5 लाख रुपयों की आर्थिक मदद दिए जाने की बात विभागीय अधिकारियों द्वारा लिखित रूप में अगर दी जाती है। तो आगे दिक्कत नहीं आएगी। लेकिन भाजपा विधायक पता नहीं क्यों मृतक के परिजनों का भला नहीं चाह रहे हैं। इसीलिए लिखित दिलाने को मना कर रहे थे।” -हेमराज वर्मा, पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश

संबंधित समाचार