बरेली: घर में लगी आग से लाखों का नुकसान
बरेली,अमृत विचार। प्रेमनगर क्षेत्र में एक घर में अचानक लगी आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। किसी तरह मकान मालिक, उनकी पत्नी और बेटी ने घर से निकलकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की नौ गाड़ियों ने करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। मकान में पेंट और …
बरेली,अमृत विचार। प्रेमनगर क्षेत्र में एक घर में अचानक लगी आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। किसी तरह मकान मालिक, उनकी पत्नी और बेटी ने घर से निकलकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की नौ गाड़ियों ने करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। मकान में पेंट और थिनर का गोदाम था, जिससे आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया।
प्रेमनगर के नेहरू पार्क कॉलोनी निवासी योगेश गुप्ता के मकान में गांधीनगर निवासी परमेश अरोड़ा की पेंट और थिनर की दुकान है। परमेश ने उनके मकान का कुछ हिस्सा किराये पर लिया है। शुक्रवार को रात 8:30 बजे योगेश के मकान में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना योगेश गुप्ता, उनकी पत्नी रेखा गुप्ता और बेटी मुस्कान को नहीं थी। आग को देखकर घर से बाहर लोगों ने चीखना चिल्लाना शुरू किया। तब योगेश परिवार समेत निकलकर बाहर आए और जान बचाई। लेकिन तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी।
सूचना पर पहुंची प्रेमनगर पुलिस ने फायर बिग्रेड को सूचित किया। फायर बिग्रेड की नौ गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी होने पर एसपी सिटी रविन्द्र कुमार, सीएफओ चंद्रमोहन शर्मा, सीओ प्रथम दिलीप सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली गीतेश कपिल, इंस्पेक्टर प्रेमनगर अवनीश कुमार यादव, एसएसआई अरविंद सिंह समेत पूरा पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
“आग में घर में रखा सामान जल गया है। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। करीब दो घंटे में नौ गाड़ियों ने आग पर काबू पाया है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसकी जांच की जाएगी। हो सकता है शार्ट सर्किट से आग लग गई हो। फिलहाल जांच की जा रही है।” -चंद्रमोहन शर्मा एफएसओ
