मुंबई में बड़ा हादसा: नौसेना की नाव यात्री जहाज से टकराई, 13 लोगों की मौत, 101 को बचाया गया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। महाराष्ट्र में मुंबई तट के नजदीक बुधवार को नौसेना की एक स्पीड बोट के एक नौका (यात्री जहाज) से टकराने के कारण 13 लोगों की मौत हो गई। जबकि 101 अन्य लोगों को बचा लिया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह जानकारी दी। 

CM फडणवीस ने नागपुर में संवाददाताओं को बताया कि इस घटना में मारे गए लोगों में 10 नागरिक और नौसेना के तीन कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने नौसेना के हवाले से बताया कि इस घटना में शाम साढ़े सात बजे तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। CM फडणवीस ने बताया कि नीलकमल नामक नौका मुंबई के नजदीक स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल ‘एलीफेंटा’ द्वीप जा रही थी तभी शाम करीब चार बजे नौसेना की एक स्पीड बोट इस नौका से टकरा गई। घटना का कथित वीडियो भी प्रसारित हुआ है। रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि नौसेना और तटरक्षक बल ने घटनास्थल पर बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया है। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान में नौसेना की 11 नाव, समुद्री पुलिस की तीन नाव और तटरक्षक बल की एक नाव इस्तेमाल की जा रही हैं। अधिकारी ने बताया कि खोज एवं बचाव अभियान के लिए चार हेलीकॉप्टर की भी मदद ली जा रही है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस, जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण के कर्मचारी और क्षेत्र के मछुआरे भी राहत एवं बचाव कार्य में शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: हमारी सांसें ठहर गईं तो तुम्हारे दिल को मलाल क्यों है : शबीना अदीब

संबंधित समाचार