उन्नाव में युवक की मौत: पत्नी से झगड़कर दूसरी मंजिल से लगा दी छलांग, घर में छाया मातम
उन्नाव, अमृत विचार। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर मोहल्ले में रविवार शाम एक युवक ने पारिवारिक कलह के चलते दो मंजिला छत से छलांग लगा दी थी। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए कानपुर ले जाया गया था, जहां बुधवार रात को उसकी मौत हो गई। मौत पर परिवार में कोहराम मच गया।
पोनी रोड गांधी नगर निवासी बसंत लाल गुप्ता के 39 वर्षीय इकलौते बेटे राजेन्द्र गुप्ता उर्फ सोनू गुप्ता का रविवार शाम अपनी पत्नी आशा गुप्ता से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसी विवाद के दौरान उसने आवेश में आकर दो मंजिला छत से छलांग लगा दी। जिससे वह सड़क पर आ गिरा और सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण सोनू को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया था। जहां बुधवार की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सोनू की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। मां ममता, पिता बसंतलाल और पत्नी आशा समेत सभी परिजन युवक की मौत से सदमे में हैं। दोपहर को जब सोनू का शव घर लाया गया तो घर में मातम छा गया।
