राहुल के खिलाफ FIR पर भड़कीं प्रियंका गांधी, कहा- इससे दिखता है कि सत्तापक्ष में हताशा किस स्तर की है

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि इस बात से पता चलता है कि सत्तापक्ष में किस स्तर की हताशा है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत के लोग बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर का अपमान सहन नहीं करेंगे। दिल्ली पुलिस ने संसद परिसर में हुई ‘‘धक्का-मुक्की’’ के सिलसिले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की। 

इससे पहले दिन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस को एक शिकायत देकर उन पर संसद परिसर में ‘‘धक्का-मुक्की’’ के दौरान ‘‘शारीरिक हमला और उकसावे’’ में शामिल होने का आरोप लगाया। 

राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी के बारे में पूछे जाने पर प्रियंका गांधी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज पूरा देश देख रहा है कि भाजपा के लोगों ने राहुल गांधी जी पर तमाम मामले दर्ज करा रखे हैं। वे नित नई प्राथमिकी दर्ज कराते हैं और झूठ बोलते हैं। यह उनकी हताशा का स्तर दिखाता है।’’ 

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘यह सरकार ‘अदाणी’ पर चर्चा से डरती है, किसी भी चर्चा से डरती है। अब उन्होंने जो किया है, उनके मन में आंबेडकर जी के प्रति जो असली भावना थी वह सामने आ गई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब वे विपक्ष से डर रहे हैं, क्योंकि अब हम इस मुद्दे को उठा रहे हैं।’’ 

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि देश का संविधान बाबासाहेब आंबेडकर, भारत की जनता और आजादी की लड़ाई की देन है। प्रियंका गांधी ने इस बात पर जोर दिया, ‘‘बाबासाहेब का अपमान हिंदुस्तान नहीं सहेगा।’’ 

यह भी पढ़ें:-Delhi Bomb Threat: ई-मेल के जरिए DPS को बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी जारी

संबंधित समाचार