Kanpur में थाने पहुंचा सात वर्षीय बच्चा, बोला- पापा ने मारा, होंठ पर चोट आई है, देख लीजिए...जानिए पूरा मामला
कानपुर, अमृत विचार। शुक्रवार सुबह नौबस्ता थाने में एक बच्चा पहुंचा और अपने पिता पर मारपीट करने का आरोप लगाया। इस पर वहां मौजूद पुलिस कर्मी ने तत्काल मामले को संज्ञान लेकर उसके घर पहुंचे और जांच की। पता चला कि बच्चा खेलते समय गिर गया था। पढ़ाई को लेकर पिता ने सिर्फ डांटा था। पुलिस ने बच्चे और परिजनों को समझाया।
नौबस्ता थाने के पास रहने वाले सात वर्षीय बच्चा शुक्रवार को नौबस्ता थाने पहुंचा और पिता पर पिटाई करने का आरोप लगाया। बोला, पापा ने मारा है, होंठ की चोट देख लीजिए। इस पर वहां मौजूद पुलिसकर्मी चौंक गए। बच्चे ने आरोप लगाया कि पिता उसे बिना कारण पीटते हैं। इस पर पुलिसकर्मी बोले, कहां रहते हो और किसके साथ आए हो। बच्चे ने जवाब दिया अकेले आया हूं।
पुलिस वाले कुछ और पूछ पाते तब तक एक वृद्धा और युवक वहां आ गए। दोनों ने बताया कि वह बच्चे के पिता और दादी हैं। दोनों ने हकीकत बताई तो सारा सच सामने आ गया। दादी ने कहा कि बच्चा कक्षा दो का छात्र है और बहुत शैतान है। पढ़ने में इसका मन नहीं लगता है। शनिवार को स्कूल में टेस्ट होना है। ये स्कूल जाने और पढ़ने के बजाय खेल रहा था। बछड़े के ऊपर से कूदने के चक्कर में गिर पड़ा।
उसी में होंठ में सूजन आ गई है। पिता ने इसीलिए डांट दिया था। इसके बाद पुलिस ने बच्चे से स्कूल जाने के बारे में पूछा तो उसने सच बता दिया। बच्चे को समझा-बुझाकर परिजनों के साथ भेजा गया। इस संबंध में थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे को प्यार से समझाया गया है। परिजनों को उससे प्यार से पेश आने को कहा गया है।
