Kanpur में दरोगा और सिपाही को पीटा: अतिक्रमण हटाने गए थे, कपड़ा व्यापारी समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र के लालबंगला इलाके में अतिक्रमण हटवाने गई पुलिस से कपड़ा व्यापारी ने अपने भाई और अन्य परिजनों के साथ मिलकर अभ्रदता और मारपीट की। जिससे वहां पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान मौके पर और पुलिस फोर्स बुला लिया गया। चकेरी थाने में तैनात दरोगा की तहरीर पर चकेरी पुलिस ने कपड़ा व्यपारी समेत चार लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है। 
   
चकेरी चौकी में तैनात दरोगा सुशील कुमार यादव ने रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार को वह उच्चाधिकारियों के आदेश पर हेड कांस्टेबल अवधेश दुबे के साथ मिलकर लालबंगला बाजार में अतिक्रमण हटवा रहे थे। इस दौरान बाजार के फूलवाली गली के पास कपड़ा दुकानदार कपड़ा व्यापारी मनीष गुप्ता ने सड़क पर अतिक्रमण कर रखा था। इस पर उन्होंने मनीष से सड़क से अतिक्रमण हटाने को कहा। 

आरोप है, कि इस पर मनीष ने अपने भाई आशीष, बेटे अनमोल और भांजे कृष्ण के साथ मिलकर अभद्रता करते हुए गाली गलौज शुरू कर उन्हें निलंबित करवा देने की धमकी दे डाली। इस पर उन्होंने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो सभी आरोपियों ने मिलकर दरोगा और सिपाही के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित दरोगा ने मामले की तहरीर चकेरी थाने में दी। इस संबंध में चकेरी प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार दुबे ने बताया कि दरोगा की तहरीर पर कपड़ा व्यापारी व उसके परिजनों के खिलाफ मारपीट, धमकी सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्जकर उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

यह भी पढ़ें- Chitrakoot में कांग्रेस सेवादल का प्रशिक्षण शिविर: अजय राय बोले- हम चट्टान की तरह खड़े हैं...मुद्दों से ध्यान भटका रही भाजपा

 

संबंधित समाचार