Bareilly: अमित शाह का पुतला फूंकने से कांग्रेसियों को रोका, पुलिस से नोकझोंक

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बरेली, अमृत विचार : डॉ. भीमराव आंबेडकर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से दिए गए बयान के विरोध में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को धरना - प्रदर्शन किया। पुलिस ने पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को गृह मंत्री का पुतला जलाने से रोक दिया। कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले ही उनसे पुतला छीन लिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक और धक्का मुक्की हुई।

जिलाध्यक्ष अशफाक सकलैनी की अगुवाई में पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांधी प्रतिमा स्थल पर एकत्र हुए। यहां धरना प्रदर्शन कर कार्यकर्ता और पदाधिकारी केंद्रीय गृह मंत्री का पुतला कलेक्ट्रेट पर जलाने जा रहे थे, मगर सेठ दामोदर स्वरूप पार्क के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया। गृह मंत्री का पुतला उनसे छीन लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि गृहमंत्री द्वारा इस तरह का बयान देना बेहद अपमानजनक है और हमारे गणतंत्र की नींव को कमजोर करने का एक खतरनाक प्रयास है। बाबा साहब समानता, न्याय और संविधान में निहित लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रतीक हैं। प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने कहा कि जब तक अमित शाह देश से माफी नहीं मांगेंगे, तक तक कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता आंदोलन करता रहेगा।

प्रदेश प्रवक्ता केबी त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष दिनेश दद्दा,जिला उपाध्यक्ष प्रशासन जुनेद हसन एडवोकेट, सुरेश वाल्मीकि, मुकेश वाल्मीकि, कोषाध्यक्ष कमरुद्दीन सैफी, उल्फत सिंह, हर्षित दुबे, डॉ. अकील अहमद पार्षद, नाजिम, नाहिद सुल्ताना, अनुज राठौर, अमित कश्यपम, डॉ सर्वत हुसैन हाश्मी, महानगर सचिव राजेश सिंह आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- Bareilly: दूसरे समुदाय के युवक को बनाया पति, घर पर बताया ट्रेनिंग कर रही हूं, अब मिला युवती का शव

संबंधित समाचार