रामपुर:मसवासी में हाईटेंशन लाइन पर काम करते वक्त झुलसे मजदूर की हालत गंभीर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ठेकेदार पर बिजली सप्लाई चालू कराने का आरोप, पुलिस पहुंची 

मसवासी, अमृत विचार। हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़कर कार्य करने के दौरान अचानक सप्लाई चालू कर दी गई। जिससे मजदूर बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में झुलसे मजदूर को उत्तराखंड के बाजपुर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना ठेकेदार की लापरवाही से होनी बताई जा रही है। 

स्वार-बाजपुर मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान बिजली के खंभे हटाने का कार्य किया जा रहा है। जिसका ठेका सहारनपुर के एक ठेकेदार को दिया गया है। रविवार की शाम 4:15 बजे मानपुर तिराहे के नजदीक ठेकेदार मजदूरों को हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़ाकर कार्य करा रहा था। आरोप है कि कार्य समाप्ति के दौरान पोल पर कर्मचारी के उतरने से पहले ठेकेदार ने बिजलीघर फोन कर सप्लाई चालू करा दी। जिससे लाइन में आए करंट से सहारनपुर निवासी कर्मचारी पदम सिंह बुरी तरह झुलस गया। खंभे पर उलटे लटके झुलसते हुए कर्मचारी की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। घटना की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज अजय कुमार शुक्ला टीम संग मौके पर पहुंच गए। तब तक झुलसे कर्मचारी को बाजपुर अस्पताल भेज दिया गया था। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।

 

संबंधित समाचार