Manmohan Singh Death: पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को हुर्रियत प्रमुख मीरवाइज उमर फारूक ने दी श्रद्धांजलि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

श्रीनगर। हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। फारूक ने कहा कि वह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन से दुखी हैं। उन्होंने सिंह को सद्भाव के लिए प्रतिबद्ध राजनेता बताया। 

भारत में आर्थिक सुधारों के जनक मनमोहन सिंह (92) का बृहस्पतिवार रात अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। मीरवाइज ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन से दुखी हूं। मुझे उनके प्रधानमंत्री रहने के दौरान और उससे पहले हुई हमारी मुलाकातें याद हैं, जहां कश्मीर पर बातचीत और सीमाओं के पार लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने को लेकर उनकी ईमानदारी स्पष्ट रूप से दिखाई देती थी।" 

फारूक ने कहा कि सिंह खुली सीमाओं और पड़ोसियों के साथ स्थायी शांति में विश्वास करते थे तथा हुर्रियत कांफ्रेंस के साथ खुले मन से बातचीत करते थे। उन्होंने कहा, "मनमोहन सिंह एक राजनेता थे जो सद्भाव और समाधान के लिए प्रतिबद्ध थे। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं, उनकी आत्मा को शांति मिले।"  

चीमा ने मनमोहन सिंह के निधन पर जताया दुख 

पंजाब के पूर्व मंत्री एवं अकाली दल के नेता डॉ दलजीत सिंह चीमा ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। डॉ चीमा ने एक्स पर अपने संदेश में कहा,“मैं डॉ. मनमोहन सिंह जी के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। वे भारत के सबसे सम्मानित राजनेताओं और अर्थशास्त्रियों में से एक थे। वह अपनी ईमानदारी, निष्ठा, विनम्रता और अकादमिक प्रतिभा के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कहा,“डॉ. सिंह भारतीय सार्वजनिक जीवन में बुद्धिमत्ता और कूटनीति के एक स्थायी व्यक्तित्व रहे, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपार सम्मान अर्जित किया। उनकी दिवंगत आत्मा को शांति मिले। मेरी संवेदनाएँ और प्रार्थनाएँ उनके तथा उनके परिवार के साथ हैं।”  

यह भी पढ़ें:-मेलबर्न टेस्ट: पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के सम्मान में टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने बांह पर बांधी काली पट्टी

संबंधित समाचार