कानपुर में डॉक्टर से प्रोजेक्ट के नाम पर हड़पे 15 लाख: दबाव बनाने पर दी चेकें, बैंक में लगाने पर फर्जी पाई गईं
बजरिया थानाक्षेत्र की घटना, आरोपी पर रिपोर्ट
कानपुर, अमृत विचार। डॉक्टर से अस्पताल के प्रोजेक्ट तैयार करने के नाम पर आरोपी ने 15 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित के अनुसार रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने टालामटोली की और बाद में धमकी दी। इस पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शारदा नगर निवासी डॉक्टर अखंड प्रताप मौर्या के अनुसार उन्होंने अस्पताल बनाने का एक प्रोजेक्ट तैयार किया जिसको अमित रंजन निवासी दिल्ली ने बनाया तथा प्रोजेक्ट को फंडिंग दिलाने के लिए आरिज खान ने गौरव रंजन उपाध्याय निवासी इंजीनियर्स कालोनी आगरा से मिलवाया। गौरव ने प्रोजेक्ट को पास करने के नाम पर 15 लाख रुपये शुल्क मांगा और 7 दिन के अंदर प्रोजेक्ट पास कराने का समय लिया।
रुपये देने के बाद गौरव रंजन उपाध्याय टालामटोली करने लगा। बार-बार पूछने पर समय लेता रहा। बाद में जान से मारने की धमकी दी। अमित से काफी दबाव डलवाने पर 15 लाख की चेकें दीं जो बैंक में लगाने पर फर्जी पाई गईं।
आरोप है कि गौरव रंजन अपने आप को पुलिस कर्मचारी बताकर धमका रहा है और रुपये नहीं लौटा रहा। इस संबंध में बजरिया इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर गौरव रंजन उपाध्याय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- New Year 2025: कानपुर के आनंदेश्वर मंदिर में नए साल में रहेगी कड़ी सुरक्षा, घाट की ओर से नहीं मिलेगा प्रवेश
