अयोध्या: प्रेमिका के हमले में घायल प्रेमी ने तोड़ा दम, घटना के बाद युवती ने कर ली थी सुसाइड, जानें मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मिल्कीपुर/अयोध्या, अमृत विचार। प्रेमिका द्वारा बांके से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल प्रेमी की शनिवार को लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। ध्यान रहे कि प्रेमी पर हमला करने के बाद प्रेमिका ने आत्महत्या कर ली थी। घटना में मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया था। 

बीते मंगलवार को थाना इनायतनगर के पाराताजपुर गांव में अपने दोस्त जय सिंह चौरसिया के साथ उसके ससुराल आई प्रेमिका ने अपने प्रेमी विकास पाल निवासी नंदौली थाना बल्दीराय जिला सुलतानपुर पर किसी बात पर विवाद होने पर बांके से हमला कर दिया था। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया था, जहां शनिवार की दोपहर उसकी मौत हो गई। 

वहीं घटना के दौरान प्रेमिका ने घर के एक कमरे में पंखे के सहारे दुपट्टे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद घबराए दोस्त जय सिंह ने प्रेमिका का शव प्लास्टिक की एक बोरी में भरकर मिल्कीपुर-खुजरहट मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया था। 

घटना की जांच कर रहे सीओ मिल्कीपुर श्रीश त्रिपाठी, थाना प्रभारी इनायतनगर देवेंद्र पांडेय व एसओजी की टीम ने कुछ ही घंटों में प्रेमिका की मौत के राज का खुलासा कर जय सिंह व उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था। मृतका इसी थाना क्षेत्र के दूसरे गांव की निवासी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि विकास पाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवारीजनों को सौंपा जाएगा। उसके परिवारीजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्यावासियों के लिए खुशखबरी: 14 जनवरी के बाद चलेगी डबल डेकर बसें, परिवहन मंत्री ने किया ऐलान

संबंधित समाचार