माघ मेले का हुआ भूमि पूजन, इस बार रहेंगी ये तैयारियां
प्रयगराज। पतित पावनी गंगा, श्यामल यमुना और अन्त: सलिला स्वरूप में प्रवाहित होने वाली सरस्वती के तट पर माघ मेला-2021 सकुशल सपन्न होने के लिए पुलिस प्रशासन ने सोमवार को संगम में भूमि पूजन किया। संगम क्षेत्र के कालीमार्ग पर माघ मेला पुलिस आफिस और पुलिस लाइन के लिए विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पुलिस …
प्रयगराज। पतित पावनी गंगा, श्यामल यमुना और अन्त: सलिला स्वरूप में प्रवाहित होने वाली सरस्वती के तट पर माघ मेला-2021 सकुशल सपन्न होने के लिए पुलिस प्रशासन ने सोमवार को संगम में भूमि पूजन किया। संगम क्षेत्र के कालीमार्ग पर माघ मेला पुलिस आफिस और पुलिस लाइन के लिए विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पुलिस महानिरीक्षक कवीन्द्र प्रताप सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक एवं वरिष्ठ पुलस अधीक्षक सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने भूमि पूजन किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारी और अखाड़ा परिषद के साधु संत उपस्थित रहे।
पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि इस बार अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था के साथ जिला पुलिस और माघ मेला पुलिस मेला क्षेत्र की कड़ी चौकसी करेगी। उन्होने कहा कि कल्पवास करने आने वाले सभी लोग अपना कोविड़-19 टेस्ट कराकर ही मेला में प्रवेश करें। जिनका टेस्ट नहीं होगा उनका यहां पर कोविड़ टेस्ट कराया जाएगा। उन्होने बताया कि सोमवार से मेला क्षेत्र में पुलिस विभाग अपने कार्य शुरू कर देगी। उन्होने कहा कि परंपरा के अनुसार मेले का आयोजन किया जायेगा। केवल समस्या है तो वह कोविड़-19 पर किस तरह से नियंत्रण किया जाए। व्यवस्था को लेकर जो भी बेहतर हो सकेगा पुलिस प्रशासन हर सार्थक प्रयास करेगा।
गोताखोर, अग्निसुरक्षा, पुलिस सुरक्षा सभी प्रकार से पुलिस माघ मेले में पहुंचने वालों की सुरक्षा करेगी। गौरतलब है कि संगम नगरी प्रयागराज में हर साल संगम की रेती पर लगने वाले विश्व के सबसे बड़े धार्मिक और अध्यात्मिक माघ मेले के आयोजन की तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए गये हैं। हालांकि कोविड के चलते इस बार माघ मेले का स्वरुप और क्षेत्रफल कम कर दिया गया है। शासन द्वारा जारी कोविड़-19 की जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए मेले में प्रवेश करेंगे। माघ मेले का पहला स्नान 14 जनवरी मकर संक्रांति, दूसरा 28 जनवरी पौष पूर्णिमा स्नान, तीसरा स्नान 11 फरवरी. मौनी अमावस्या, चौथा 16 फरवरी बसंत पंचमी, पांचवां 27 फरवरी .माघी पूर्णिमा और अंतिम स्नान 11 मार्च को महाशिवरात्रि पर होगा।
