लखीमपुर खीरी: पुलिस भर्ती में फर्जी एडमिट कार्ड लेकर पहुंची थी, पकड़ी गई महिला अभ्यर्थी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस लाइन में प्रपत्रों की जांच में हुआ खुलासा, अभ्यर्थी पुलिस हिरासत में

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। हाल में संपन्न हुई आरक्षी पदों पर पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद दो दिनों से सफल अभ्यर्थियों के प्रपत्रों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षा पुलिस लाइन में चल रही है। गौतम बुद्ध नगर जिले की रहने वाली एक महिला अभ्यर्थी के कागजों की जब जांच हुई तो उसका एडमिट कार्ड कूटरचित पाया गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस पूछताछ कर रही है।

शहर कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि हाल में ही संपन्न हुई पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का रिजल्ट घोषित होने के बाद से पुलिस लाइन में इन दिनों अभ्यर्थियों के प्रपत्रों की जांच और शारीरिक मापदंड परीक्षा हो रही है। शनिवार को एसआई विनोद कुमार सिंह की पुलिस लाइन गेट पर ड्यूटी थी। दोपहर करीब 12:30 बजे गौतमबुद्ध नगर जिले के वडपुर निवासी महिला अभ्यर्थी दीपा भाटी पुत्री बृजेंद्र सिंह अपना एडमिट कार्ड व अन्य प्रपत्रों के साथ आई। इसकी सूचना एसआई विनोद कुमार सिंह ने आरटी सेट से भर्ती बोर्ड का कार्य देख रहे सहायक उप निरीक्षक सचिन त्यागी को दी। इसके बाद महिला अभ्यर्थी को सहायक उप निरीक्षक के पास लेकर पहुंचे। सहायक उप निरीक्षक ने जब महिला के प्रपत्र चेक किए तो एडमिट कार्ड पूजा रोनिहार पुत्री ओमप्रकाश जनपद देवरिया का निकला। फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। पुलिसकर्मियों ने आरोपी महिला अभ्यर्थी दीपा भाटी को सदर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला अभ्यर्थी ने जांच अधिकारी के सामने जो कूटरचित एडमिट कार्ड प्रेस किया। उस पर उसने अपनी एडिट फोटो भी लगा रखी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि एसआई विनोद कुमार सिंह की तहरीर पर आरोपी महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

संबंधित समाचार